Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

चार जून : चीन के थ्येनआनमन चौक पर निहत्थे युवा प्रदर्शनकारियों पर टूटा सेना का कहर

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) इतिहास में हर दिन किसी न किसी अहम घटना से जुड़ा होता है। चार जून एक ऐसी तारीख है, जिस दिन कई बड़ी घटनाओं ने देश और दुनिया पर अपनी छाप छोड़ी। ऐसी ही एक घटना चार जून 1989 को चीन की राजधानी बीजिंग में घटी, जहां चीन की सेना ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे निहत्थे नागरिकों पर बंदूकों और टैंकों से कार्रवाई की, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए। इसे इतिहास में ‘थ्येनआनमन स्क्वायर नरसंहार’ के तौर पर जाना जाता है।

चार जून 2020 को ‘‘रजनीगन्धा’’ और ‘‘चितचोर’’ जैसी आम जनमानस से जुड़ी, हल्के फुल्के अंदाज वाली फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले अनुभवी फिल्म निर्माता बासु चटर्जी का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

हिंदी सिनेमा में मार-धाड़ के दौर में मानवीय संवेदनाओं की सरल कहानियों को बेहद सादगी से रुपहले पर्दे पर उतारने वाले निर्देशक बासु चटर्जी की फिल्मों में न तो नायक-नायिका पेड़ों के इर्द-गिर्द नाचते थे और न ही कोई ‘एंग्री यंग मैन’ एक साथ 20 खलनायकों को धूल चटाता था। बसों में, सड़कों पर और छोटे-मोटे रेस्तरां में पनपने वाली प्रेम कहानियों को उन्होंने इस सादगी से रुपहले पर्दे पर उतारा कि उनके किरदार सिनेप्रेमियों के दिलों में हमेशा के लिए अमर हो गए।

उनके कुछ गीत तब भी खूबसूरत थे और आज भी मन को गुदगुदा जाते हैं। आज के जमाने में भी ‘रजनीगंधा फूल तुम्हारे’, ‘कई बार यूंही देखा है’, ‘सुनिए, कहिए’, ‘न जाने क्यों’ , ‘रिम झिम भरे सावन’ मन को आनंदित कर देते हैं।

चटर्जी ने टीवी के लिए भी कार्यक्रम बनाए। 1986 में उन्होंने हॉलीवुड क्लासिक ‘12 एंग्री मेन’ की रिमेक ‘एक रूका हुआ फैसला’ बनाया। 1989 में उन्होंने मुंबई के चाल में एक लड़की की आत्महत्या की कहानी ‘कमला की मौत’ बनायी।

बेंगलुरू में चार जून 2025 को क्रिकेट टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का पहला आईपीएल खिताब जीतने के जश्न में शामिल होने के लिये चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हजारों की संख्या में प्रशंसकों के उमड़ने से मची भगदड़ में 11 लोग मारे गए और 30 से अधिक लोग घायल हो गए ।

टीम की एक झलक पाने के लिये स्टेडियम के बाहर हजारों की संख्या में प्रशंसक उमड़ पड़े जिन पर पुलिस नियंत्रण नहीं रख सकी । ये प्रशंसक स्टेडियम के भीतर घुसने की कोशिश में प्रवेश द्वार के बाहर ही भगदड़ का शिकार हो गए ।

देश दुनिया के इतिहास में चार जून की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है :-

1896 : हेनरी फोर्ड ने अमेरिका के डेट्रॉइट शहर में अपना पहला मॉडल परीक्षण के लिए उतारा।

1919 : अमेरिकी नौसेना ने कोस्टारिका पर हमला किया।

1928 : चीन के राष्ट्रपति हांग जोलिन की जापानी एजेंट ने हत्या की।

1929 : जॉर्ज ईस्टमेन ने पहली रंगीन फिल्म का नमूना पेश किया।

1936 : हिंदी सिनेमा की जानी मानी अभिनेत्री नूतन का जन्म। उन्हें बंदिनी, सुजाता, अनाड़ी सहित अनेक फिल्मों में उनकी सदाबहार अदाकारी के लिए जाना जाता है।

1940 : द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी की सेना ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में प्रवेश किया।

1944 : अमेरिकी सेना ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान रोम में प्रवेश किया।

1958 : तीन सदस्यीय पर्वतारोही दल ने गढ़वाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 7011 मीटर ऊंचे त्रिशूल पर्वत शिखर को फतह किया।

1959 : सी राजगोपालाचारी ने स्वतंत्र पार्टी बनाने की घोषणा की।

1964 : मालदीव ने संविधान का निर्माण किया।

1970 : ब्रिटेन से अलग होकर टोंगा एक स्वतंत्र देश बना।

1975 : अमेरिकी अभिनेत्री एंजेलिना जोली का जन्म।

1982 : इजराइल ने दक्षिण लेबनान पर हमला किया।

1989 : चीन की राजधानी बीजिंग में थ्येनआनमन चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नागरिकों पर सैन्य कार्रवाई।

1991 : द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली गैर साम्यवादी सरकार यूरोपीय देश अल्बानिया में बनी।

1997 : दूरसंचार उपग्रह 2डी अंतरिक्ष की कक्षा में पहुंचा।

2001 : नेपाल नरेश दीपेन्द्र का अस्पताल में निधन। वीर बिक्रम शाह ने नेपाल के सम्राट का पद संभाला।

2003 : डोमिनिक गणराज्य की 18 वर्षीय सुंदरी एमीलिया वेगा मिस यूनिवर्स बनीं।

2006 : यूगोस्लाविया के पूर्व गणराज्य मोंटेनेग्रो ने स्वतंत्रता की घोषणा की।

2015 : घाना में एक पेट्रोल पंप पर लगी आग में 200 से अधिक लोगों की मौत।

2016 : हिंदी और मराठी फिल्मों में काम कर चुकी अभिनेत्री सुलभा देशपांडे का निधन।

2019 : मोतियाबिंद का सटीक इलाज ढूंढने वाली अफ्रीकी मूल की अमेरिकी महिला चिकित्सक डॉक्टर पैट्रिसिया बाथ का 76 वर्ष की उम्र में यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन फ्रांसिस्को चिकित्सा केंद्र में कैंसर निधन हो गया।

2020 : भारतीय फिल्म निर्देशक बासु चटर्जी का निधन

2023 : नामी अभिनेत्री सुलोचना लाटकर का 94 वर्ष की की उम्र में निधन।

2024 : 18वीं लोकसभा के लिए हुए चुनावों के परिणाम घोषित, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने बहुमत हासिल किया।

2025 : क्रिकेट टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का पहला आईपीएल खिताब जीतने के जश्न में शामिल होने के लिये बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हजारों की संख्या में प्रशंसकों के उमड़ने से मची भगदड़ में 11 लोग मारे गए और 30 से अधिक लोग घायल हो गए ।

भाषा

मनीषा

मनीषा