मुंबई, चार जून (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। घरेलू शेयर बाजारों में पूंजी निकासी और अमेरिका-ईरान समझौते की उम्मीदें कमजोर पड़ने से घरेलू मुद्रा पर दबाव कायम है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में लंबा खिंचता संकट भारत के लिए चिंता का विषय बना हुआ है क्योंकि देश ऊर्जा आयात पर काफी निर्भर है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.70 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में 95.69 प्रति डॉलर तक पहुंचा जो पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की बढ़त दर्शाता है।
रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे टूटकर 95.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.47 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 229.69 अंक टूटकर 74,139.32 अंक पर जबकि निफ्टी 66.30 अंक फिसलकर 23,339 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.90 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 5,616.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका