Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

पुर्तगाल, ऑस्ट्रिया समेत पांच देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के लिए निर्वाचित

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, चार जून (भाषा) ऑस्ट्रिया, किर्गिस्तान, पुर्तगाल, त्रिनिदाद और टोबैगो तथा जिंबाब्वे को 2027-28 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के नये अस्थायी सदस्यों के रूप में चुना गया है। भारत ने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा है कि वह दो साल के कार्यकाल के दौरान इनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक है।

संयुक्त राष्ट्र की 193 सदस्यीय महासभा में बुधवार को हुए चुनाव में इन पांच देशों को नये अस्थायी सदस्यों के रूप में चुना गया। ये देश डेनमार्क, यूनान, पाकिस्तान, पनामा और सोमालिया का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 2026 के अंत में समाप्त हो रहा है।

भारत ने सुरक्षा परिषद के इन नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के नव-निर्वाचित सदस्यों को हार्दिक बधाई।'

उन्होंने लिखा, 'हम आपके 2027-28 के कार्यकाल के दौरान आप में से प्रत्येक के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं और आप सभी की सफलता की कामना करते हैं।'

इन नव निर्वाचित देशों का कार्यकाल एक जनवरी, 2027 से शुरू होकर 31 दिसंबर, 2028 को समाप्त होगा।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव