Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से तीन मरीजों की मौत

मुजफ्फरपुर (बिहार), चार जून (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक निजी अस्पताल के आईसीयू (गहन चिकित्सा कक्ष) में बृहस्पतिवार तड़के भीषण आग लगने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ जिला अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह घटना जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद अस्पताल में हुई।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘हमें तड़के अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली। इस घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है।’’

उन्होंने बताया कि आईसीयू में लगभग 13 से 15 मरीजों का इलाज चल रहा था, जिन्हें उनके परिजन अन्य अस्पतालों में ले गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘हम मरीजों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। आग पर काबू पा लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। आग तेजी से फैल गई, जिससे आईसीयू धुएं से भर गया और मरीजों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई।

अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था।

अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि वह प्रशासन के साथ पूरा सहयोग कर रहा है तथा घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, कुछ मरीजों के संबंध में जानकारी अभी एकत्र की जा रही है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

भाषा कैलाश गोला

गोला