Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

शिवकुमार ने छात्रों के लिए मुफ्त बस पास और निजी रोजगार एक्सचेंज स्थापित करने की घोषणा की

बेंगलुरु, तीन जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की, जिनमें छात्रों के लिए मुफ्त बस पास और निजी रोजगार एक्सचेंज की स्थापना शामिल है।

पद और गोपनीयता की शपथ लेने के बाद शिवकुमार ने पहले कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि गैर-लक्जरी सरकारी बसों में सभी छात्रों को मुफ्त बस पास दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में युवाओं की भर्ती के लिए जल्द ही कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित की जाएगी।

शिवकुमार ने यह भी कहा कि बेरोजगारी के मुद्दे को दूर करने के लिए निजी रोजगार एक्सचेंज स्थापित किया जाएगा, जहां लोग नौकरियों के लिए पंजीकरण करवा सकेंगे।

उन्होंने कहा, “निजी रोजगार एक्सचेंज की रूपरेखा को एक महीने में अंतिम रूप दिया जाएगा।”

उन्होंने यह घोषणा भी की कि कर्नाटक में नेतृत्व क्षमता बढ़ाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए 10,000 भारत जोड़ो युवा संघ स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “प्रत्येक ग्राम पंचायत के भारत जोड़ो युवा संघ को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।”

कैबिनेट ने यह निर्णय भी लिया कि अनधिकृत भवनों के लिए ए-खाता दस्तावेज जारी करने का अभियान पूरे कर्नाटक में ले जाया जाएगा।

शिवकुमार ने मीडिया से सरकार के साथ सहयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वह सरकार की आलोचना के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन मीडिया को “विमर्श गढ़ने” से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र के चारों स्तंभों को मिलकर काम करना चाहिए।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार गांवों से शहरों में किसानों के पलायन को रोकने के लिए आवश्यक निर्णय लेगी।

भाषा जोहेब माधव

माधव