Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

राजस्थान में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी

जयपुर, तीन जून (भाषा) पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में आंधी और बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। हालांकि, राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

विभाग के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी चली और हल्की वर्षा हुई।

विभाग ने बताया कि इस अवधि में जैसलमेर के रामगढ़ में सर्वाधिक 15 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

विभाग के अनुसार, अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1–3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। उसने बताया कि बुधवार को जैसलमेर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, बीकानेर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री, श्रीगंगानगर में 43.3 डिग्री, फलौदी में 42.8 डिग्री और बाड़मेर व जोधपुर में 42-42 डिग्री सेल्सियस रहा।

विभाग ने बताया कि चूरू में पारा 41.7 डिग्री, पिलानी में 41.2 डिग्री, कोटा में 40.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 40.2 डिग्री, सीकर में 40 डिग्री और जयपुर में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिन आंधी और बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।

विभाग ने बताया, चार जून को बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभागों में आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।

उसने कहा कि पूर्वी राजस्थान में 60–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, मध्यम से भारी बारिश होने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है।

विभाग ने कहा कि आंधी-बारिश के चलते अगले हफ्ते तक अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जाएगा और लू से राहत बरकरार रहेगी।

भाषा

बाकोलिया पारुल

पारुल