चंडीगढ़, तीन जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई की नवनियुक्त अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने बुधवार को प्रदेश पार्टी प्रमुख का पदभार औपचारिक रूप से ग्रहण कर लिया।
गुप्ता 28 मई को पार्टी की हरियाणा इकाई की प्रमुख नियुक्त की गयी थीं। पेशे से डॉक्टर गुप्ता चार दशक बाद प्रदेश भाजपा की दूसरी महिला अध्यक्ष बनी हैं।
पार्टी ने इसे ‘नारी शक्ति’ के प्रति प्रतिबद्धता का द्योतक बताया है।
अर्चना गुप्ता ने पंचकूला में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कोई भी जिम्मेदारी छोटी या बड़ी नहीं होती... भाजपा में कोई सीमा नहीं है। केवल भाजपा में ही बूथ अध्यक्ष मुख्यमंत्री या केंद्रीय मंत्री बन सकता है। चाय बेचने वाले का बेटा प्रधानमंत्री बन सकता है... एक आम कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है।’’
अर्चना गुप्ता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित वरिष्ठ पार्टी नेताओं और अपने परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया । उन्होंने पार्टी सदस्यों से ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह हमेशा उनके और हरियाणा की जनता के लिए उपलब्ध रहेंगी।
इस मौके पर सैनी ने गुप्ता को प्रदेश भाजपा की दूसरी महिला अध्यक्ष के रूप में उल्लेख करते हुए कहा कि यह बदलते हरियाणा का द्योतक है जहां महिलाएं महज भाग ही नहीं ले रही हैं बल्कि बढ़चढ़कर नेतृत्व कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आकार ले रहे 'नए भारत' के वास्तविक स्वरूप को दर्शाता है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2015 में हरियाणा से शुरू किए गए 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान ने देश भर में बेटियों के प्रति सामाजिक मानसिकता को बदल दिया है और महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और देश को गौरवान्वित कर रही हैं।
उन्होंने कहा, कि हरियाणा में भाजपा ‘नये नेतृत्व, नयी ऊर्जा, नये संकल्प और नयी दिशा’ ग्रहण कर रही है।
भाजपा की वरिष्ठ नेता कमला वर्मा 1980 से 1983 तक भाजपा की हरियाणा इकाई की पहली महिला अध्यक्ष थीं।
गुप्ता ने मोहन लाल बड़ौली से प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
गुप्ता पानीपत जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं।
पार्टी की प्रदेश इकाई की प्रमुख नियुक्त किये जाने के समय वह भाजपा की राज्य इकाई की महासचिव थीं।
गुप्ता ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया और पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का वादा किया।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी वरिष्ठ नेता डॉ. सतीश पूनिया, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा की मंत्री श्रुति चौधरी, आरती राव, भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, भाजपा के वरिष्ठ नेता ओ पी धनखड़, सुभाष बराला और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश