Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

आयुष शेट्टी इंडोनेशिया ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में, सात्विक-चिराग मैच से हटे

जकार्ता, तीन जून (भाषा) युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए बुधवार को यहां इंडोनेशिया ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार पुरुष युगल जोड़ी मैच के बीच से हट गई।

मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुतविका गड्डे की दुनिया की 41वें नंबर की भारतीय जोड़ी ने पो सुआन येंग और लिंग फेंग हू की चीनी ताइपे की दुनिया की 20वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ 21-14, 21-14 से उलटफेर भरी जीत दर्ज करके दूसरे दौर में जगह बनाई।

रोहन और रुतविका अगले दौर में थॉम गिक्वेल और डेलफाइन डेलरुए की फ्रांस की गत चैंपियन जोड़ी से भिड़ेंगे।

दुनिया के 20वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने इस सुपर 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर में दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी चीन के होंग येंग चेंग को 8-21, 22-20, 21-15 से हराया।

पहले गेम में करारी हार के बाद 21 साल के आयुष ने दूसरे गेम में 11-15 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मुकाबले को तीसरे और निर्णायक गेम में खींचा।

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष ने तीसरे और निर्णायक गेम में पूरी तरह से दबदबा बनाते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया जहां उनकी भिड़ंत हांगकांग के ली च्युक यू से होगी।

सात्विक और चिराग को हालांकि पुरुष एकल के पहले दौर के मुकाबले से सात मिनट में ही हटना पड़ा। भारतीय जोड़ी को सात्विक के कंधे में चोट के कारण मुकाबले से हटना पड़ा।

भारतीय जोड़ी जब केंग खाइ शिंग और आरोन टाइ की मलेशिया की जोड़ी के खिलाफ 6-11 से पीछे थी तब सात्विक को अपने दाएं कंधे की ओर इशारा करते देखा गया और इसके बाद इस सुपर 1000 टूर्नामेंट के पहले दौर के मुकाबले को रोक दिया गया।

पिछले हफ्ते भारतीय जोड़ी ने सिंगापुर ओपन जीतकर दो साल में अपना पहला खिताब जीता था।

पुरुष एकल में एचएस प्रणय को पहले दौर में ही आयरलैंड के एनहाट एनगुएन के खिलाफ तीन गेम में शिकस्त झेलनी पड़ी।

पहले गेम 17-21 से गंवाने के बाद प्रणय ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-16 से जीता लेकिन तीसरे और निर्णायक गेम में 19-21 की हार के साथ मुकाबला गंवा दिया।

महिला एकल में उन्नति हुड्डा को जापान की दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ 15-21 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

भाषा सुधीर

सुधीर