Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

मोदी की तस्वीर, भाजपा के चिह्न के दुरुपयोग के आरोप में सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी

बहराइच (उप्र), तीन जून (भाषा) बहराइच पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा की तस्वीरों के दुरुपयोग के आरोप में एक सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने बताया कि बहराइच के साइबर अपराध थाने में सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66सी (पहचान की चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बहराइच इकाई से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पार्टी ने आरोपी व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेश पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि 'रुखसाना बहराइच' नामक फेसबुक अकाउंट पर भाजपा जिला कार्यालय की पृष्ठभूमि तस्वीर (बैकग्राउंड इमेज), मोदी और नड्डा की तस्वीरें, पार्टी के चिह्न कमल और राष्ट्रध्वज का उपयोग किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह अकाउंट पार्टी से संबंधित भ्रामक और निराधार जानकारियां फैलाता रहा। पांडे ने कहा कि अकाउंट के प्रोफाइल पर धार्मिक प्रतीकों और देवताओं की तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया ताकि लोगों में भ्रम पैदा किया जा सके।

भाजपा जिला इकाई की मंजूरी के बाद, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शिवांक शुक्ला ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति की पहचान के बारे में जानकारी नहीं मिली है।

जांच पुलिस निरीक्षक दिलीप कुमार शुक्ला को सौंपी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों, जन प्रतिनिधियों और सरकारी संस्थाओं के नाम, तस्वीरों या प्रतीकों का उपयोग करके फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाने के मामले हाल के वर्षों में बढ़े हैं, और लोगों को ऑनलाइन जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने की सलाह दी जाती है।

भाषा सं जफर पारुल जोहेब

जोहेब