Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

कुवैत हवाई अड्डे पर हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत

दुबई, तीन जून (भाषा) कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह जाने गंवाने वाले व्यक्ति के शोकसंतप्त परिवार के साथ ही घटना में घायल हुए लोगों को हरसंभव सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिए कुवैती प्रशासन के साथ तालमेल कर रहा है।

इसने कहा, ‘‘कुवैत हवाई अड्डे पर आज हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु पर कुवैत स्थित भारतीय दूतावास गहरस शोक व्यक्त करता है।’’

इस मौत के साथ ही 28 फरवरी को ईरान और अमेरिका के बीच शुरू हुई लड़ाई के बाद से मरने वाले भारतीयों की कुल संख्या कम से कम 10 हो गई है।

आज का हमला अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुआ है।

इससे पहले, 30 मार्च को कुवैत में एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र पर ईरानी हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी।

कुवैती गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल नासिर बौस्लीब ने आज कहा कि हवाई अड्डे पर यात्री टर्मिनल (टी1) पर कई ड्रोन द्वारा हमला किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘इस हमले में एक यात्री की मौत हो गई और कई मजदूर एवं यात्री घायल हो गए।’’

बौस्लीब ने कहा कि हवाई अड्डे की सुविधाओं और परिचालन बुनियादी ढांचे को गंभीर क्षति पहुंची है।

कुवैत ने बुधवार को तब हवाई यातायात निलंबित कर दिया, जब ईरान के हमलों में ‘टर्मिनल वन’ को निशाना बनाया गया। इस हमले से जानमाल का नुकसान हुआ और हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के प्रवक्ता अब्दुल्ला अल-राजही ने सरकारी समाचार एजेंसी ‘केयूएनए’ को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि हवाई यातायात निलंबित कर दिया गया है और उड़ानों को अगले आदेश तक आसपास के हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. अब्दुल्ला अल-सुंद ने बताया कि हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद अब तक सात अस्पतालों में 63 घायलों को ले जाया गया है।

उन्होंने बताया कि सात मामलों में आपातकालीन बड़ी सर्जरी की गई है, और कई छोटी सर्जरी भी की गई हैं।

अब्दुल्ला ने बताया कि घायलों में आम नागरिक, हवाई अड्डे के कर्मचारी और यात्री शामिल हैं।

पिछले महीने, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक नौका में आग लगने से एक भारतीय नाविक की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।

मार्च में, संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में नष्ट की गई मिसाइल के मलबे में दबकर एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।

अठारह मार्च को सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर हुए मिसाइल एवं ड्रोन हमलों में एक और भारतीय नागरिक मारा गया।

ओमान के एक औद्योगिक क्षेत्र में 13 मार्च को हुए हमले में दो और भारतीय मारे गए। संघर्ष के शुरुआती दिनों में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों में तीन नाविकों की मौत हो गई थी।

वहीं, एक भारतीय नागरिक के लापता होने की भी खबर है।

भाषा राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल