नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में बुधवार को आग लगने के कारण 21 लोगों की मौत के संबंध में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मालवीय नगर स्थित पांच मंजिला होटल ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ में बुधवार सुबह भीषण आग गई। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी हैं जो मुख्य रूप से मध्य एशिया और अफ्रीकी देशों के थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार होटल मालिक के घर पर एक टीम भेजी गई।
उन्होंने बताया, 'टीम होटल मालिक के घर गई। होटल मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। कई टीमें उसकी तलाश में लगी हैं।'
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुबह भूतल पर स्थित रेस्तरां में खानसामा पहुंचा और काम शुरू करने से पहले उसने उपकरण चालू किए। कुछ ही देर बाद धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पूरी इमारत आग की लपटों में घिर गई, जिससे ऊपरी मंजिलों पर मौजूद कई मेहमान फंस गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इमारत में 26 कमरे थे, हालांकि सटीक संख्या की अभी पुष्टि की जा रही है।
चौथी मंजिल पर फंसे एक विदेशी दंपति ने खिड़की का शीशा और एल्युमिनियम की ग्रिल तोड़ दी और पाइप के सहारे नीचे उतरने की कोशिश की। दोनों नीचे गिर गए। ऊपर से गुजर रहे तारों में फंसते हुए महिला सिर के बल जमीन पर गिरी।
दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि वे बच पाए या नहीं।
दमकलकर्मियों के अनुसार, इमारत में एक तहखाना, भूतल और पांच ऊपरी मंजिलें हैं।
भूतल पर रेस्तरां संचालित किया जा रहा था, जबकि इमारत के बाकी हिस्से का इस्तेमाल होटल के तौर पर किया जा रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, होटल में प्रवेश और निकास का एक ही द्वार था।
उन्होंने बताया कि अग्निशमन संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश