Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

सिराज और प्रसिद्ध ने भीषण गर्मी में भी किया जमकर अभ्यास

(कुशान सरकार)

मुल्लांपुर, तीन जून (भाषा) भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने अफगानिस्तान के खिलाफ छह जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले बुधवार को यहां भीषण गर्मी के बावजूद लगभग 25 मिनट तक जमकर अभ्यास किया।

इस एकमात्र टेस्ट मैच के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैच की वनडे श्रृंखला खेली जाएगी।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दो महीने तक व्यस्त रहने के बाद गेंदबाजों के कार्यभार को लेकर कुछ सवाल उठ रहे थे, लेकिन चिलचिलाती धूप में सिराज की शानदार गेंदबाजी से स्पष्ट हो गया कि इस सीनियर तेज गेंदबाज की फिटनेस को लेकर किसी तरह की चिंता नहीं है।

अगर सिराज फिट नहीं होते तो उनके लिए चिलचिलाती धूप में अपनी पूरी ताकत से गेंदबाजी करना आसान नहीं होता। लेकिन उनकी गेंदबाजी को देखकर लगता है कि वह इस टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाजी की अगुवाई करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

अभ्यास सत्र के दौरान छह फुट पांच इंच लंबे दाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने भी सबका ध्यान आकर्षित किया, जिन्होंने अच्छी लेंथ से तेज उछाल हासिल की।

कम से कम दो मौकों पर उनकी गेंद केएल राहुल के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पीछे गई। राहुल इसके अलावा अभ्यास के दौरान तकनीकी रूप से काफी कुशल नजर आए।

जम्मू और कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी डार ने कई चरणों में गेंदबाजी की। उन्होंने भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। नबी ने अपनी लाइन और लेंथ को बनाए रखते हुए अच्छा नियंत्रण बनाए रखा।

इस सत्र का एक उल्लेखनीय पहलू बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को बल्लेबाजी करने का अधिक समय देना रहा। इससे पता चलता है की टीम प्रबंधन उनकी ऑलराउंड क्षमता का उपयोग करने के लिए उत्सुक है।

दुबे और बाएं हाथ के स्पिनर के स्थान के लिए उनके प्रतिद्वंद्वी मानव सुथार ने पास-पास के नेट में गेंदबाजी की। इस दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर उन पर करीबी नजर रखे हुए थे।

कप्तान शुभमन गिल समेत सभी विशेषज्ञ बल्लेबाजों ने प्रिंस यादव समेत रिजर्व गेंदबाजों के खिलाफ नेट पर अच्छा खासा समय बिताया। हाल के वर्षों में कई चोट से जूझने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव भी टीम के साथ थे।

आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलने वाले इस तेज गेंदबाज ने हालांकि लंबे समय तक गेंदबाजी नहीं की और इसके बजाय अपने फिटनेस अभ्यास पर ध्यान केंद्रित किया।

भाषा पंत नमिता

नमिता