Breaking News

MP में वही रहेगा जो एक शादी करेगा: सीएम मोहन यादव     |   चीन में भूस्खलन से कई घर दबे, 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह ले जाया गया     |   ‘पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी की सरकार’, जालंधर की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा     |   अमेरिका जब तक हमले नहीं रोकेगा, तब तक ईरान-होर्मुज में शांति नहीं लौटेगी: IRGC     |   ‘गाजियाबाद विकास का सुशासन मॉडल, हर वर्ग तक डेवलपमेंट’, बोले CM योगी     |  

शिवकुमार ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए सिद्धरमैया, येदियुरप्पा, देवेगौड़ा को आमंत्रित किया

(तस्वीरों के साथ)

बेंगलुरु, तीन जून (भाषा) कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा से मुलाकात कर उन्हें अपने शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया।

इस समारोह में शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

शिवकुमार ने यहां सिद्धरमैया के आवास 'कावेरी' पर जाकर उनसे मुलाक़ात की और शपथ ग्रहण समारोह से पहले उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

यह समारोह लोक भवन के ग्लास हाउस में शाम चार बजकर पांच मिनट पर आयोजित किया जाएगा।

इसके बाद, मुख्यमंत्री पद के लिए नामित शिवकुमार ने यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता येदियुरप्पा के आवास पर जाकर उन्हें भी समारोह के लिए आमंत्रित किया।

शिवकुमार ने येदियुरप्पा से मुलाक़ात के बाद पत्रकारों से कहा, 'उन्होंने राज्य को दिशा दिखाई है, उन्होंने राज्य के लिए काम करने के साथ इसके विकास में योगदान दिया है। हम सभी को मिलकर काम करना होगा।'

शिवकुमार ने जनता दल (सेक्युलर) के वरिष्ठ नेता एच. डी. देवेगौड़ा से भी मुलाकात की और उन्हें शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित कर उनका आशीर्वाद लिया।

शिवकुमार ने देवेगौड़ा के आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, 'देवेगौड़ा और येदियुरप्पा ने हमारे राज्य की बहुत सेवा की है। अन्य मुख्यमंत्रियों ने भी राज्य की सेवा की है, मैं उनसे भी मिलूंगा। उन्होंने हमेशा राज्य की गरिमा और गौरव की रक्षा की है और इसे कोई नहीं भूल सकता। मैं राज्य के हित में हमेशा बड़ों का मार्गदर्शन लेता रहूंगा।'

उन्होंने कहा कि सरकार निरंतरता का प्रतिनिधित्व करती है और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हम सभी को राज्य के हित में मानवता के साथ मिलकर काम करना चाहिए।

शिवकुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के व्यापक अनुभव को एक बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उन्होंने (देवेगौड़ा ने) उन्हें अच्छा मार्गदर्शन दिया है।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘उन्होंने मेरे धैर्य की सराहना की। उन्हें विश्वास है कि मैं राज्य के लिए अच्छा काम करूंगा। मैं भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन लेता रहूंगा।'

भाषा

प्रचेता गोला

गोला