मेदिनीनगर, 30 मई (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने एक पैरा-शिक्षक की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पैरा-शिक्षक एक झोलाछाप चिकित्सक भी था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सुरेंद्र यादव (40) के रूप में हुई है, जो छतरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तारुदाग गांव का निवासी है। उसे शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि वह पीड़ित उदय सिंह (37) का मित्र था।
सिंह की कथित तौर पर बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे नागदरा गांव के पास उस समय हत्या कर दी गई जब वह चिलहो खुर्द गांव स्थित अपने घर लौट रहा था।
छतरपुर पुलिस थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया, ' पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। सिंह ने करीब छह महीने पहले आरोपी से 25,000 रुपये उधार लिए थे। बाद में वह ब्याज सहित 50,000 रुपये की मांग कर रहा था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।''
अधिकारी के अनुसार, यादव ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान सिंह ने उसे गाली दी।
चौबे ने बताया, 'क्रोध में आकर उसने हत्या की योजना बनाई और घटना वाले दिन सिंह को फोन किया। दोनों ने शराब पी और जब सिंह नशे में चूर हो गया, तो आरोपी ने धारदार हथियार से उसका गला काट दिया।'
आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर, पुलिस ने उसके पास से पीड़ित के कपड़े, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए। अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश