(तस्वीर के साथ)
बेंगलुरु, 30 मई (भाषा) कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार को शनिवार को पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया, जिससे उनके राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को विधान सौध में हुई बैठक के दौरान विधायक दल के नये नेता के रूप में शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा। यह बैठक कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल और पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में हुई।
सूत्रों ने बताया कि हालांकि, नये नेता के चयन के लिए विधायक दल की बैठक के दौरान 10 मिनट का विराम लिया गया और सिद्धरमैया, वेणुगोपाल और सुरजेवाला सहित शीर्ष नेता विचार-विमर्श के लिए अलग कमरे में चले गए।
कांग्रेस की कर्नाटक इकाई ने शिवकुमार के विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा करते हुए एक बयान में कहा कि सिद्धरमैया ने शिवकुमार का नाम शीर्ष पद के लिए प्रस्तावित किया, जी परमेश्वर ने प्रस्ताव का समर्थन किया और बैठक में सर्वसम्मति से इसे मंजूरी दे दी गई। पार्टी महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल ने शिवकुमार को विधायक दल का नया नेता चुने जाने की घोषणा की।
बयान में कहा गया कि बैठक की शुरुआत में, सुरजेवाला ने घोषणा की कि विधायक दल के नये नेता के चयन की प्रक्रिया पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के प्रस्ताव के आधार पर आगे बढ़ेगी और उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यवाही शुरू की।
इसके बाद, सिद्धरमैया ने एक पंक्ति का प्रस्ताव पेश किया, जिसका परमेश्वर ने अनुमोदन किया और सभी विधायकों ने इसका समर्थन किया। बाद में सुरजेवाला ने 10 मिनट का विराम घोषित किया और वे सिद्धरमैया एवं वेणुगोपाल के साथ मुख्यमंत्री कक्ष की ओर चले गए। तीनों नेताओं के बैठक कक्ष में वापस लौटने के बाद, जहां विधायक एकत्र थे, नये नेता के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा घोषित कर दिया गया।
बयान में कहा गया कि इसके बाद, नवनिर्वाचित विधायक दल के नेता डी के शिवकुमार ने सिद्धरमैया के कार्यकाल के दौरान उनके द्वारा दी गई सेवाओं की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पेश किया और बैठक का समर्थन मांगा। इसमें कहा गया कि प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
शिवकुमार का नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह तीन जून को यहां लोक भवन के ग्लास हाउस में होगा। सिद्धरमैया सरकार में शिवकुमार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने अगले दिन उनका इस्तीफा स्वीकार करके मंत्रिपरिषद भंग कर दी।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप