Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

कांग्रेस संचालित सहकारी समिति की धोखाधड़ी के चलते जमाकर्ता ने आत्महत्या की : माकपा का आरोप

तिरुवनंतपुरम, 30 मई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिव एम. वी. गोविंदन ने शनिवार को कोझिकोड स्थित एक सहकारी समिति पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। माकपा नेता ने यह आरोप सहकारी समिति के एक जमाकर्ता द्वारा एक दिन पहले कथित तौर पर आत्महत्या कर लेने के बाद लगाया।

माकपा के राज्य सचिव गोविंदन ने इस घटना को 'हत्या' करार देते हुए कहा कि व्यक्ति का पैसा सहकारी समिति में फंसा हुआ था, जिसे कथित तौर पर समिति वापस नहीं कर रही थी।

गोविंदन ने दावा किया कि पीड़ित इब्राहिमकुट्टी हाजी ने अपने लाखों रुपये कोझिकोड स्थित कडथनाड लेबर कॉन्ट्रैक्ट सहकारी समिति में जमा किए थे। उन्होंने दावा किया कि सहकारी समिति का संचालन स्थानीय कांग्रेस नेताओं द्वारा किया जाता है और उक्त समिति की शुरुआत इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में की गई थी।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘इस तरह लोगों को गुमराह करके संगठन में भारी मात्रा में धन जमा कराया गया। यह सहकारी समिति द्वारा की गई एक बड़ी धोखाधड़ी और लूट थी। इसका खुलासा व्यक्ति की मृत्यु से हुआ। कई अन्य लोग भी इसी स्थिति का सामना कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि इब्राहिमकुट्टी ने सहकारी समिति को कई बार कहा था कि यदि उन्हें उनकी धनराशि वापस नहीं मिली, तो उन्हें आत्महत्या करनी पड़ेगी, लेकिन धनराशि का एक अंश भी वापस नहीं किया गया, इसलिए 'वास्तव में यह एक हत्या है।’’

गोविंदन ने कहा, 'इसलिए उन्होंने स्थानीय कांग्रेस नेता के घर के बाहर खुद को आग लगा ली।'

सहकारी समिति के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने एक टीवी चैनल को बताया कि उन्होंने इब्राहिमकुट्टी से कहा था कि वे कुछ महीने इंतजार करें और तब तक उनकी निवेश की गई राशि का कुछ हिस्सा वापस कर दिया जाएगा।

पदाधिकारी ने कहा, 'हमने उनसे कहा था कि नयी सरकार के आने के साथ ही हमें जो धनराशि मिलनी थी, वह जारी हो जाएगी और पंचायतों द्वारा निविदा प्रक्रिया शुरू होते ही हम काम शुरू कर देंगे और धीरे-धीरे उन्हें उनकी जमा की गई पूरी राशि वापस कर देंगे।'

पुलिस ने बताया कि इब्राहिमकुट्टी ने शुक्रवार सुबह स्थानीय कांग्रेस नेता के घर के बाहर खुद को कथित तौर पर आग लगा ली और शाम को उनकी मृत्यु हो गई।

उसने कहा कि अप्राकृतिक मृत्यु का एक मामला दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप