Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

‘अन्नपूर्णा योजना’ के तहत महिलाओं को धनराशि का अंतरण तीन जून से शुरू होगा : शुभेंदु अधिकारी

कोलकाता, 30 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि ‘अन्नपूर्णा योजना’ के तहत धनराशि के अंतरण का पहला चरण तीन जून से शुरू होगा, जिसमें पात्र महिला लाभार्थियों को सीधे उनके बैंक खातों में तीन हजार रुपये प्राप्त होंगे।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि लाभार्थियों को चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार के अधिकारी योजना के लिए आवेदन पत्र भरने में उनकी मदद करने के लिए घरों का दौरा करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सहायता केवल वास्तविक लाभार्थियों तक ही पहुंचे।

बारह पृष्ठों के आवेदन पत्र में महिलाओं को परिवार के प्रत्येक सदस्य के बारे में विस्तृत जानकारी देनी होगी, जिसकी कई वर्गों ने आलोचना की है। कुछ लोगों का आरोप है कि अत्यधिक दस्तावेजीकरण से वास्तविक लाभार्थी वंचित रह सकते हैं।

यहां स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। हमारे अधिकारी घर-घर जाकर फॉर्म भरने में महिलाओं की मदद करेंगे। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। हम चाहते हैं कि योजना का लाभ केवल वास्तविक लाभार्थियों को ही मिले।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार कल्याणकारी कार्यक्रमों को लागू करते समय पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि धनराशि किसी गैर-भारतीय के खाते में जमा हो या पुरुष उन लाभों को प्राप्त करें, जो महिला लाभार्थियों के लिए हैं।’’

उन्होंने कहा कि महिला लाभार्थियों के लिए निर्धारित लाभ कथित तौर पर प्राप्त करने के लिए कई पुरुषों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार अपने ‘संकल्प पत्र’ (चुनाव घोषणापत्र) में उल्लेखित सभी वादों को पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा संचालित बसों में महिलाएं एक जून से निशुल्क यात्रा कर सकेंगी, जिससे भाजपा के चुनावी वादों में से एक पूरा हो जाएगा।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य का बजट 22 जून को पेश किया जायेगा और उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पश्चिम बंगाल के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप