Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

बीकानेर अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर से मारपीट, डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार किया

जयपुर, 30 मई (भाषा) राजस्थान के बीकानेर में पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मरीज ने एक रेजिडेंट डॉक्टर से कथित तौर से मारपीट की जिसके बाद शनिवार सुबह डॉक्टरों ने कुछ समय के लिए विरोध प्रदर्शन किया और कार्य बहिष्कार किया।

मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टर से मारपीट की यह घटना शुक्रवार रात हुई। इस घटना के बाद अस्पताल में तनाव फैल गया। रेजिडेंट डॉक्टरों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की।

‘रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन’ (आरडीए) के अध्यक्ष डॉ. सुखविंदर सिंह के अनुसार देर रात सड़क दुर्घटना में घायल हुई युवती को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, रेजिडेंट डॉ. प्रतिभा ने उसका प्रारंभिक इलाज किया और दूसरे मरीज को देखने के लिए चली गईं।

सिंह ने बताया कि युवती कथित तौर पर उनके पीछे-पीछे गई और किसी बात को लेकर उन्हें थप्पड़ मार दिया।

सिंह के मुताबिक इस घटना की निंदा करते हुए रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया और कहा कि जब तक पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।

इस विरोध प्रदर्शन के कारण ट्रॉमा सेंटर के कई विभागों में कुछ घंटों के लिए सेवाएं प्रभावित हुईं।

पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि मुद्दे को सुलझाने के लिए अस्पताल प्रशासन और विरोध कर रहे डॉक्टरों के बीच एक बैठक हुई।

उन्होंने कहा कि आरोपी युवती के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कर लिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, जिनमें सीसीटीव कैमरे चालू करना और रात के समय की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार करना शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया और काम पर वापस लौट आए।

भाषा पृथ्वी

राजकुमार

राजकुमार