Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

आईसीसी की स्वतंत्र निदेशक के तौर पर इंदिरा नूई की जगह रोज रिवाज

अहमदाबाद, 30 मई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को डॉ रोज रिवाज को अपनी स्वतंत्र निदेशक घोषित किया क्योंकि यह पद पेप्सिको की पूर्व प्रमुख इंदिरा नूई के कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हो गया था।

रिवाज आईसीसी बोर्ड में शुरुआती तीन साल के कार्यकाल के लिए शामिल होंगी जिसमें एक बार विस्तार की संभावना भी है।

आईसीसी में स्वतंत्र निदेशक का पद किसी ऐसी प्रसिद्ध महिला के लिए आरक्षित होता है जिसने सामाजिक और पेशेवर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।

आईसीसी ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आईसीसी बोर्ड ने डॉ रोज रिवाज को अपना स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। ’’

रिवाज वर्तमान में ‘एंगलियन वाटर और यूके कंपनीज हाउस’ की अध्यक्ष हैं और ‘एपेरम एसए तथा विक्ट्रेक्स पीएलसी’ में प्रमुख स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे क्रिकेट दुनिया भर में अपना विस्तार कर रहा है और मैदान के अंदर व बाहर नए अवसरों की तलाश कर रहा है, उनकी रणनीतिक अंतर्दृष्टि, स्वतंत्र दृष्टिकोण और मजबूत शासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अमूल्य साबित होगी। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम उनकी सलाह और योगदान से लाभ उठाने के लिए उत्सुक हैं क्योंकि हम इस खेल की नींव को मजबूत करने और दुनिया भर में इसके दीर्घकालिक विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रखे हुए हैं। ’’

भाषा नमिता मोना

मोना