उत्तरकाशी/पिथौरागढ़ 30 मई (भाषा) उत्तराखंड में तीर्थयात्रा पर आए मध्यप्रदेश और गुजरात के दो श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मौत हो गयी । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों के मुताबिक, यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए आए मध्यप्रदेश के श्योपुर के 61 वर्षीय एक श्रद्धालु की शनिवार सुबह जानकीचट्टी में अचानक तबीयत बिगड़ गयी ।
उन्होंने बिताया कि श्रद्धालु को उनके परिजन जानकीचट्टी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले गये जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
अधिकारियों के अनुसार तीर्थयात्री की पहचाान हरिमोहन के रूप में हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक पिथौरागढ़ जिले में सामने आयी एक अन्य घटना में, आदि कैलाश यात्रा से लौट रहे 76 वर्षीय मनसुख गिरि की धारचूला में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी ।
धारचूला अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ राजेश सिंह गुंज्याल ने बताया कि गिरि को शुक्रवार शाम बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था तथा जांच में वह मृत पाए गए ।
उन्होंने बताया कि राजकोट के गिरि आदि कैलाश यात्रा से लौटने वाले श्रद्धालुओं के दल में शामिल थे और नाभी शिविर में अचानक बेहोश हो गए थे ।
इस साल एक मई से शुरू हुई आदि कैलाश यात्रा के दौरान यह तीसरी घटना है जहां दिल का दौरा पड़ने से श्रद्धालु की मौत हुई है।
डॉ गुंज्याल ने कहा,‘‘इस वर्ष अप्रत्याशित ठंड के कारण आदि कैलाश यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।’’
धारचूला थाने के रवींद्र सिंह राणा ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद गिरि का शव लेकर उनके साथी अपने गृहराज्य के लिए रवाना हो गए हैं ।
भाषा सं दीप्ति राजकुमार
राजकुमार