Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

कुछ केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण देरी से शुरू हुई सीयूईटी-यूजी परीक्षा: एनटीए

नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) देशभर के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शनिवार को कुछ केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण देरी से शुरू हुई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने यह जानकारी दी।

एनटीए के अनुसार, समस्या अब दूर कर ली गई है और सभी अभ्यर्थियों को पूरा प्रतिपूरक समय दिया जा रहा है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो।

एजेंसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘टीसीएस ने जानकारी दी है कि शनिवार को कुछ परीक्षा केंद्रों पर उनकी ओर से आई तकनीकी खराबी के कारण सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। अब समस्या का समाधान कर लिया गया है और परीक्षा अतिरिक्त समय-व्यवस्था के साथ आयोजित की जा रही है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो।’’

एनटीए ने परीक्षा के दोपहर के सत्र का संशोधित समय भी जारी किया। इसने कहा, ‘‘उम्मीदवारों की रिपोर्टिंग और प्रवेश अपराह्न 2:30 बजे से होगा, जबकि परीक्षा अब अपराह्न तीन बजे के बजाय चार बजे शुरू होगी।’’

एजेंसी ने बताया कि सुबह सत्र के अभ्यर्थियों को भी प्रश्नपत्र हल करने के लिए पूरा निर्धारित समय दिया जा रहा है और परीक्षा पूरी होने के बाद ही उन्हें केंद्र से बाहर जाने की अनुमति होगी।

एनटीए ने कहा, ‘‘छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए हम खेद व्यक्त करते हैं।’’

सहायता के लिए एनटीए ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

कई छात्रों और अभिभावकों ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर परीक्षा में हुई देरी की शिकायत की और आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों पर उचित सूचना नहीं दी गई।

इस संबंध में एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने कहा, ‘‘तकनीकी खराबी के कारण सीयूईटी 2026 के छात्रों को तीन-चार घंटे तक इंतजार करने के लिए मजबूर होना पड़ा। कोई उचित सूचना नहीं दी गई, कोई व्यवस्था नहीं थी। छात्र और अभिभावक भीषण गर्मी में परेशान होते रहे। राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के लिए यह पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’

वहीं, एक अन्य उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘आज सुबह 10:30 बजे समाप्त होने वाली सीयूईटी परीक्षा अभी तक शुरू ही नहीं हुई है। परीक्षा केंद्र गंगा इंटरनेशनल स्कूल के पास, वेबइन्फोट्रॉन टेक्नोलॉजीज खसरा नंबर 265, दिल्ली-110081 में स्थित है। अभिभावक सुबह से अपने बच्चों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।’’

इस संबंध में एक अन्य पोस्ट में कहा गया, ‘‘सीयूईटी परीक्षा में देरी हो गई। अधिकतर बच्चों के परीक्षा केंद्र मुख्य शहर से काफी दूर हैं। बच्चे और अभिभावक समय पर पहुंचने के लिए सुबह छह बजे ही घर से निकल गए थे। लेकिन पूर्वाह्न 11 बजे तक अभिभावकों को बताया गया कि परीक्षा अभी शुरू भी नहीं हुई है। इस बीच बच्चे अंदर केवल बैठे इंतजार कर रहे हैं।’’

गौरतलब है कि सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक (सीयूईटी-यूजी) की शुरुआत 2022 में की गई थी। यह राष्ट्रीय स्तर की एक मानकीकृत प्रवेश परीक्षा है, जिसका आयोजन एनटीए द्वारा देश के केंद्रीय, राज्य और कुछ निजी विश्वविद्यालयों के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किया जाता है।

वर्ष 2022 में शुरू होने के बाद से देश की दूसरी सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा सीयूईटी-यूजी विभिन्न चरणों में कई परिचालन संबंधी बाधाओं का सामना कर चुकी है। इनमें परीक्षा केंद्रों में अंतिम समय पर बदलाव, कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश और परीक्षा शुरू होने में देरी, तथा कुछ केंद्रों पर सर्वर और ‘लॉगिन फेल’ होने जैसी तकनीकी समस्याएं शामिल हैं।

कुछ केंद्रों पर सिस्टम संबंधी दिक्कतों के कारण परीक्षाएं रद्द करने और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

कुछ मामलों में छात्रों ने एडमिट कार्ड में दी गई जानकारी और परीक्षा तिथियों को लेकर भ्रम की शिकायत की, जिसके कारण वे परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।

बार-बार सामने आ रही इन समस्याओं ने छात्रों और अभिभावकों के बीच परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

सीयूईटी-यूजी 2025 से कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के रूप में आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी का कहना है कि इससे देशव्यापी प्रवेश परीक्षा के संचालन में मानकीकरण, दक्षता और व्यवस्थागत सुधार हुआ है।

कई अलग-अलग प्रवेश परीक्षाओं की जगह शुरू की गई सीयूईटी-यूजी का उद्देश्य छात्रों के लिए एक समान मूल्यांकन मंच उपलब्ध कराना है। यह परीक्षा भाषा दक्षता, विषय-विशेष ज्ञान और सामान्य योग्यता का आकलन करती है तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप समावेशिता एवं समान अवसरों को बढ़ावा देती है।

भाषा

गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल