Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

पद्मनाभस्वामी मंदिर से कीमती सामान गायब होने के आरोपों की जांच होगी: केरल देवस्वओम मंत्री

तिरुवनंतपुरम, 30 मई (भाषा) केरल के देवस्वओम मंत्री के. मुरलीधरन ने शनिवार को कहा कि यहां श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में कथित सुरक्षा चूक और मूल्यवान वस्तुओं के गायब होने की जांच गृह मंत्रालय से परामर्श के बाद शुरू की जाएगी।

मंत्री ने इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार किए जाने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में मंदिर की संपत्ति से छेड़छाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने यहां पत्रकारों को बताया कि सरकार ने मंदिर प्रशासनिक समिति से रिपोर्ट मांगी थी और उनकी प्रतिक्रिया आ चुकी है।

मुरलीधरन ने कहा, ‘‘हालांकि यह सरकार को जांच करने से नहीं रोकेगी। गृह मंत्रालय से चर्चा के बाद जांच की घोषणा की जाएगी।’’

यह टिप्पणी श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर की प्रशासनिक समिति द्वारा पुलिस रिपोर्ट को खारिज करने के एक दिन बाद आई है। रिपोर्ट में मंदिर में कीमती सामान के गायब होने और सुरक्षा में चूक का आरोप लगाया गया। समिति ने रिपोर्ट तैयार करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

मंदिर के कोष से संबंधित विवरण सार्वजनिक नहीं किए जाने के बारे में पूछे गए सवालों पर मंत्री ने कहा कि मंदिर से जुड़े सभी खाते पारदर्शी होने चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘भले ही मंदिर खातों को सार्वजनिक नहीं किया जाए लेकिन सरकार अपने पास मौजूद खातों का खुलासा करेगी। सरकारी कोष भी पारदर्शी होने चाहिए।’’

शबरिमला मंदिर में कथित तौर पर सोना गायब होने के मामले में जारी विशेष जांच दल (एसआईटी) जांच से संबंधित मुद्दे का जिक्र करते हुए मुरलीधरन ने कहा कि सरकार अब तक की प्रगति से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विशेष जांच दल (एसआईटी) को बदलने का अधिकार नहीं है क्योंकि इसे उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम कानूनी सलाह लेंगे और इस मामले में आगे की कार्रवाई करेंगे।’’

भाषा सुरभि अमित

अमित