Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

पुणे जहरीली शराब त्रासदी: पुलिस और आबकारी विभाग के 22 कर्मी निलंबित

पुणे, 30 मई (भाषा) महाराष्ट्र में पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस तथा राज्य आबकारी विभाग के कुल 22 कर्मियों को संदिग्ध जहरीली शराब की अवैध आपूर्ति रोकने में विफल रहने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पिंपरी चिंचवड और पुणे शहर में संदिग्ध नकली शराब पीने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और पुलिस ने इस सिलसिले में एक मुख्य तस्कर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुणे पुलिस आयुक्तालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हडपसर थाने से संबद्ध वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय मोगले, सहायक पुलिस निरीक्षक हसीना सिकलगार और उपनिरीक्षक हसन मुलानी को हडपसर क्षेत्र में कथित अवैध कारोबार और जहरीली शराब की आपूर्ति रोकने में विफल रहने पर निलंबित किया गया है।

पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के छह अधिकारियों को भी निलंबित किया गया है, जिनमें दापोडी थाने के एक वरिष्ठ निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक और चार कांस्टेबल शामिल हैं।

आबकारी अधीक्षक अतुल कनाडे ने बताया कि राज्य आबकारी विभाग ने भी 13 कर्मियों को निलंबित किया है जिनमें तीन निरीक्षक, छह उपनिरीक्षक और चार कर्मचारी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध जहरीली शराब पीने से पिंपरी चिंचवड़ के फुगेवाड़ी इलाके में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि पुणे के हडपसर स्थित पांढरे मला क्षेत्र में चार अन्य लोगों की जान चली गई।

इसने बताया कि पांच अन्य लोगों का पिंपरी चिंचवड़ के एक अस्पताल में इलाज जारी है, और ऐसा संदेह है कि उन्होंने भी जहरीली शराब पी थी।

भाषा

सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल