Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

उलटफेर का शिकार हुए जोकोविच, फ्रेंच ओपन में नया पुरुष चैंपियन बनना लगभग तय

पेरिस, 30 मई (एपी) विश्व नंबर-एक यानीक सिनर के बाहर होने के बाद अब दिग्गज नोवाक जोकोविच के भी उलटफेर का शिकार हो जाने से फ्रेंच ओपन में पुरुष एकल खिताब की दौड़ पूरी तरह खुल गई है और यह तय हो गया है कि रोलां गैरो को नया चैंपियन मिलेगा।

ब्राजील के 19 वर्षीय खिलाड़ी जोआओ फोन्सेका ने तीसरे दौर में जोकोविच को पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। यह मुकाबला दो घंटे से अधिक समय तक चला और अंत तक बेहद संघर्षपूर्ण रहा।

जोकोविच के लिए यह हार उनके 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब के सपने पर बड़ा झटका साबित हुई। यह केवल दूसरी बार है जब वह दो सेटों की बढ़त गंवाकर कोई मैच हारे हैं। इससे पहले ऐसा 2010 में पेरिस में हुआ था।

जोकोविच, डेनियल मेदवेदेव, मारिन चिलिच और स्टान वावरिंका जैसे सभी ग्रैंड स्लैम विजेता इस बार टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जिससे यह तय हो गया है कि सात जून को पुरुष एकल में नया चैंपियन ट्रॉफी उठाएगा।

फोन्सेका ने इस ऐतिहासिक जीत के बाद कहा, “मैच खत्म होने के 10 मिनट बाद मुझे समझ आया कि मैंने कितना बड़ा कारनामा किया है। जोकोविच जैसे दिग्गज को हराना मेरे करियर का सबसे बड़ा पल है।”

उन्होंने आगे कहा, “सिनर और जोकोविच जैसे खिलाड़ियों के बाहर होने से बाकी खिलाड़ियों के लिए मौके बढ़ गए हैं, लेकिन मैं एक-एक मैच पर ध्यान दे रहा हूं।”

जोकोविच ने कहा, “मेरे लिए यह हार काफी कठिन थी। अंत में मैं अपने पैरों पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।”

उन्होंने फोन्सेका को जीत का पूरा श्रेय देते हुए कहा कि वह इस जीत के पूरी तरह हकदार हैं।

फोन्सेका का सामना अब दो बार के फाइनलिस्ट कैस्पर रूड से होगा, जिन्होंने टॉमी पॉल को पांच सेटों के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 4-6, 6-7 (4), 6-4, 7-6 (4), 7-5 से हराया।

दूसरे वरीय अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने भी आगे बढ़ते हुए क्वेंटिन हैलिस को 6-4, 6-3, 5-7, 6-2 से हराकर चौथे दौर में जगह बना ली।

महिला वर्ग में 15वीं वरीयता प्राप्त मार्टा कोस्त्युक ने क्ले कोर्ट पर अपनी लगातार 15वीं जीत दर्ज करते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने विक्टोरिया गोलुबिच को 6-4, 6-3 से हराया और अब उनका सामना चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक से होगा।

पोलैंड की स्वियातेक ने हमवतन माग्दा लिनेट को 6-4, 6-4 से हराया। स्वियातेक का कोस्त्युक के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है, जहां उन्होंने सभी तीन मुकाबले सीधे सेटों में जीते हैं।

इसी बीच सातवीं वरीयता प्राप्त यूक्रेन की एलीना स्वितोलिना ने भी शानदार जीत दर्ज करते हुए जर्मनी की तमारा कोरपात्श को 6-2, 6-3 से हराया।

छत्तीस वर्षीय सोराना सिर्स्टिया ने इतिहास रचते हुए ग्रैंड स्लैम में 6-0, 6-0 की जीत दर्ज करने वाली ओपन एरा की सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया।

आठवीं वरीयता प्राप्त मीरा आंद्रीवा ने मैरी बुज़कोवा को 6-4, 6-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। यह उनकी इस सत्र की 32वीं जीत रही, जिससे वह महिला टूर में सबसे अधिक जीत दर्ज करने वाली खिलाड़ियों में शीर्ष पर बनी हुई हैं।

एपी आनन्द

आनन्द