Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

हिमाचल प्रदेश : पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के लिए सुबह नौ बजे तक 19 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज

शिमला, 30 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और खराब मौसम के बीच पंचायत चुनावों के तीसरे और अंतिम चरण के लिए शनिवार सुबह नौ बजे तक 19.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। सिरमौर जिले में सबसे अधिक 23.60 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि लाहौल और स्पीति में सबसे कम 16.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अभी तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

राज्य में 1,189 ग्राम पंचायतों में 15 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

ये चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराए जा रहे हैं और इनमें किसी भी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। मतदान अपराह्न तीन बजे तक जारी रहेगा।

राज्य में 26 मई को हुए पहले चरण के चुनाव में 1,293 पंचायतों में 78.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जबकि 28 मई को हुए दूसरे चरण में 1,276 पंचायतों में 79.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

अब तक कुल 10,854 पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

राज्य निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ग्राम पंचायतों, प्रधानों और उप-प्रधानों के चुनाव परिणाम शनिवार को घोषित किए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए हुए चुनाव के नतीजे 31 मई को जारी किए जाएंगे।

मतपत्रों के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित किए गए हैं। वार्ड सदस्य के लिए सफेद, उप-प्रधान के लिए पीला, प्रधान के लिए हरा, पंचायत समिति सदस्य के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्य के लिए नीले रंग का मतपत्र इस्तेमाल किया जा रहा है।

कुल मिलाकर तीन चरणों में हो रहे इन चुनावों में लगभग 50.89 लाख मतदाता 31,182 जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप-प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।

शिमला मौसम विभाग ने राज्य में चार जून तक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

भाषा

गोला सिम्मी

सिम्मी