Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

अमेरिका के वर्जीनिया में बस ने कई कारों को टक्कर मारी; पांच लोगों की मौत, 34 अन्य घायल

स्टेफोर्ड (अमेरिका), 30 मई (एपी) अमेरिका में बृहस्पतिवार देर रात को वर्जीनिया के इंटरस्टेट 95 पर एक बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी जिससे पांच लोगों की मौत हो गई और चालक सहित कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ये वाहन एक स्थल पर निर्माण कार्य होने के कारण वहां से धीमी गति से गुजर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना स्टेफोर्ड काउंटी में क्वांटिको के पास दक्षिण की ओर जाने वाले आई-95 मार्ग पर देर रात लगभग 2:35 बजे हुई।

उन्होंने बताया कि मरने वाले सभी पांच लोग उन वाहनों में सवार थे जिन्हें बस ने टक्कर मारी थी और 44 लोगों को अस्पतालों में ले जाया गया जिनमें से तीन की हालत गंभीर है।

राज्य पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि निर्माण की गतिविधि के कारण क्षेत्र में दक्षिण की ओर यातायात धीमा था। एक बस गति धीमी करने में विफल रही और छह वाहनों से टकरा गई।’’

पुलिस ने बताया कि बस में करीब 34 यात्री सवार थे।

घटनास्थल पर मौजूद संघीय परिवहन प्रशासन के प्रवक्ता पेटन वोगेल ने कहा, ‘‘कई अस्पतालों में मरीज भर्ती हैं। ड्राइवर भी यहीं एक अस्पताल में भर्ती है। यह अब तक की सबसे दुखद दुर्घटनाओं में से एक है। बेहद दुखद।’’

घटना में मारे गए चार लोग एक ही कार में सवार थे जिसमें आग लग गई थी।

राज्य पुलिस ने बताया कि मृतकों में 45 वर्षीय पुरुष, 44 वर्षीय महिला, 13 वर्षीय लड़की और सात वर्षीय लड़का शामिल हैं, सभी मैसाच्युसेट्स के ग्रीनफील्ड के रहने वाले थे।

पुलिस ने उनके नाम जारी नहीं किए लेकिन ग्रीनफील्ड के एक स्कूल के एक बयान में कहा गया है घटना में मारे गए लोग दिमित्री और एकातेरिना डोंसेव तथा उनकी बेटी एमिली और बेटा मार्क था। स्कूल ने बताया कि बच्चे उन्हीं के स्कूल में पढ़ते थे।

घटना में मैसाच्युसेट्स के वॉर्सेस्टर की एक अज्ञात 25 वर्षीय महिला भी मारी गई है जो एक एसयूवी में थी जिसे बस ने टक्कर मार दी थी।

एपी सुरभि गोला

गोला