गुरुग्राम, 29 मई (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले के नयी गांव में शुक्रवार को एक फेसबुक पोस्ट को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव की घटना में दो महिलाओं सहित सात से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान करीब 20 मिनट तक छतों से ईंट-पत्थर फेंके गए। सूचना मिलने पर हरियाणा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, दो परिवारों के बीच पिछले तीन दिन से एक फेसबुक पोस्ट को लेकर विवाद जारी था, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बच्चों में झगड़ा शुरू हुआ, जो बाद में दो युवकों के बीच संघर्ष में बदल गया। इसके बाद दोनों ओर से पथराव हुआ और दोनों तरफ के सात से अधिक लोग घायल हो गए।
गांव के सरपंच ने बताया कि पहले लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिसके बाद स्थिति बिगड़कर पथराव तक पहुंच गई।
पुलिस ने बताया कि गांव में स्थिति नियंत्रण में है। शिकायत दर्ज कर ली गई है और कार्रवाई की जा रही है।
भाषा राखी वैभव
वैभव