धनबाद, 29 मई (भाषा) झारखंड के धनबाद में शुक्रवार शाम को एक गांव के लोगों ने अल्पसंख्यक समुदाय के तीन युवकों को कानून द्वारा प्रतिबंधित मांस ले जाने के शक में पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने युवकों की गिरफ्तारी और उनके घरों की तलाशी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान युवकों के पास से कोई मांस नहीं मिला।
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने बताया, “युवकों की तलाशी लेने पर हमें कोई मांस नहीं मिला।”
उन्होंने बताया, “ग्रामीण अल्पसंख्यक समुदाय के घरों की तलाशी लेने और युवकों को गिरफ्तार करने पर अड़े हुए थे। तीनों युवकों को ले जाते समय कुछ ग्रामीणों ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हवा में गोलियां चलानी पड़ीं और हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा।”
अधिकारी ने बताया, “हमने युवकों के परिवार के सदस्यों को भी सुरक्षा के लिए टुंडी थाने में रखा है।”
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव