नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह को शुक्रवार को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
डीआरडीओ के मौजूदा अध्यक्ष समीर वी कामत का विस्तारित कार्यकाल इस महीने समाप्त हो रहा है।
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी ने 31 मई को समीर वी कामत का कार्यकाल पूरा होने के बाद राजेश कुमार सिंह को रक्षा अनुसंधान और विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ अध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी देने की मंजूरी प्रदान कर दी है।
एक अन्य आदेश में, मंत्रालय ने कहा कि वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की महानिदेशक और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग की सचिव एन. कलाइसेल्वी, 31 मई को वर्तमान सचिव एम. रविचंद्रन की सेवानिवृत्ति के बाद पृथ्वी विज्ञान सचिव का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी।
आदेश में कहा गया है कि अल्पसंख्यक मामलों के सचिव श्रीवत्स कृष्णा, 31 मई को अलका उपाध्याय की सेवानिवृत्ति के बाद राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
भाषा राखी वैभव
वैभव