भुवनेश्वर, 29 मई (भाषा) भारत मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि अल नीनो की स्थिति के कारण इस वर्ष जून से सितंबर तक मानसून के मौसम में ओडिशा में सामान्य से कम वर्षा होने की आशंका है।
आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि दीर्घकालिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरी और पश्चिमी ओडिशा में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की जा सकती है, जबकि राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में सामान्य या उससे अधिक वर्षा होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों तक ओडिशा में कई स्थानों पर दिन का तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
अधिकारी ने बताया कि शनिवार को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, अंगुल, क्योंझर, मयूरभंज, बौध, नुआपड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल और देवगढ़ जिलों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
इन जिलों में शनिवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।
भाषा
राखी वैभव
वैभव