देहरादून, 29 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा तट पर भव्य आरती में हिस्सा लिया।
पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तराखंड आए नवीन के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में परमार्थ निकेतन घाट पर गंगा आरती की।
नवीन ने इस मौके पर उपस्थित संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मां गंगा के पावन तट पर आना सदैव आत्मीय एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा है, जिसने सदियों से देश की आध्यात्मिक चेतना को पोषित किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की तपस्या, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों की परंपरा सदियों से जनमानस में जीवित रही है तथा संत समाज ने इस महान विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का कार्य किया है।
नवीन ने उत्तराखंड को सनातन संस्कृति की आत्मा बताते हुए कहा कि यहां से पूरे देश को आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि गंगा, संत परंपरा और भारतीय संस्कृति का संरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, गढ़वाल से लोकसभा सदस्य अनिल बलूनी, राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उपस्थित थे।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र