Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

राजस्थान: राज्य सरकार ने सांसद बेनीवाल की सुरक्षा घटाई, तीन सुरक्षाकर्मी हटाए

जयपुर, 29 मई (भाषा) राजस्थान सरकार ने नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के संयोजक हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा में कटौती करते हुए तीन सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया।

बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।

जयपुर पुलिस आयुक्तालय ने बेनीवाल की सुरक्षा में तैनात तीन निजी सुरक्षाकर्मी (पीएसओ) हटा लिए, जिससे अब सांसद की सुरक्षा में सिर्फ नागौर जिले के पुलिसकर्मी ही बचे हैं।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने बृहस्पतिवार को बेनीवाल की आलोचना की थी।

बेनीवाल पर आरोप है कि उन्होंने बुधवार की रात विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।

बेनीवाल ने सुरक्षाकर्मी हटाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने सरकार से कभी सुरक्षा नहीं मांगी थी और दावा किया कि राज्य के ‘हजारों युवा’ उनके साथ खड़े हैं।

उन्होंने कहा, “मैंने कभी सुरक्षा नहीं मांगी। सरकार को यह बताना चाहिए कि पहले सुरक्षा क्यों दी गई थी और अब इसे क्यों हटाया गया है।”

बेनीवाल ने बताया कि उनकी सुरक्षा शुरू में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा विवाद के दौरान बढ़ाई गई थी और उस समय खुफिया अधिकारियों ने जयपुर व नागौर जिलों से हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात किए थे।

उन्होंने दावा किया कि एक समय उनकी सुरक्षा में आठ सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जिनमें हथियारबंद कमांडो भी शामिल थे।

नागौर से सांसद ने कहा कि उन्होंने ‘ताकतवर लोगों’ के खिलाफ लड़ाई लड़ी है, जिनमें बजरी माफिया और प्रश्न पत्र लीक करने वाले गिरोह शामिल हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि भजनलाल शर्मा सरकार सुरक्षा कम कर उन्हें डरा नहीं सकती।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र