Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों के उत्पीड़न का आरोप, एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग

जालौन, 29 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने शुक्रवार को जालौन के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पर जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों का मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष विद्यासागर मिश्र ने शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि एसडीएम रिंकू सिंह राही शिक्षकों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं और उन पर मानसिक दबाव बना रहे हैं।

ज्ञापन के अनुसार, बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक चुनाव ड्यूटी और अन्य सरकारी कार्यों का निर्वहन करते रहे हैं तथा वर्तमान में भीषण गर्मी और ग्रीष्मकालीन अवकाश के बावजूद घर-घर जाकर भवन गणना कार्य में लगे हुए हैं।

संघ ने कहा कि कई क्षेत्रों में परिवारों की अधिक संख्या के कारण कार्यभार अत्यधिक बढ़ गया है, जबकि सर्वेक्षण मानचित्र सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एसडीएम ने व्हाट्सऐप समूहों में शिक्षकों को “कामचोर” कहा है। साथ ही महिला शिक्षकों की लगातार निगरानी करने और वेतन रोकने की धमकी देने से शिक्षकों में भारी मानसिक तनाव उत्पन्न हो गया है।

शिक्षक संघ ने दावा किया कि दबाव के कारण कई शिक्षक बीमार पड़ गए हैं तथा जल्दबाजी में काम करने के चलते कुछ दुर्घटनाएं भी हुई हैं।

मिश्र ने शिक्षकों में बढ़ते असंतोष का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने कहा कि ज्ञापन प्राप्त हो गया है और शिक्षकों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

वहीं, इस संबंध में प्रतिक्रिया के लिए संपर्क किए जाने पर एसडीएम रिंकू सिंह राही ने फोन नहीं उठाया और न ही कोई जवाब दिया।

भाषा

सं, जफर रवि कांत