Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

हिमाचल प्रदेश: मंदिर जा रहे एक ही परिवार के चार लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत

नाहन/यमुनानगर, 29 मई (भाषा) हरियाणा के यमुनानगर जिले के लाल ढांग क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मक्के से लदा एक ट्रक पलट गया और उसकी चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना प्रताप नगर थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कलेश्वर महादेव के पास हुई।

प्रताप नगर पुलिस के अनुसार, जगाधरी-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस दुर्घटना के पीड़ितों में एक पिता, उनकी दो बेटियां और एक रिश्तेदार शामिल थे, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह हादसा तब हुआ जब परिवार हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित श्री रेणुकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था।

खबरों के मुताबिक, यमुनानगर जिले के चुहारपुर कलां निवासी राजेंद्र धीमान (45) शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी उषा (40) और अपनी दो बेटियों सिमरन (14) और मीनल (12) के साथ रेणुकाजी मंदिर के लिए रवाना हुए थे।

उनके साथ एक अलग मोटरसाइकिल पर हरियाणा के दौलतपुर गांव के निवासी फूल सिंह भी सवार थे। बेटियां फूल सिंह की बाइक पर बैठी थीं, जबकि उषा अपने पति राजेंद्र के साथ थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब समूह कालेसर राष्ट्रीय उद्यान के पास लाल ढांग की पहाड़ी ढलानों पर एक तीखे मोड़ के पास पहुंचा तभी मक्के की बोरियों से लदा एक ट्रक मोटरसाइकिल सवारों पर पलट गया।

दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय निवासी राहत कार्यों में सहायता के लिए तुरंत जुट गए। थाना प्रभारी (एसएचओ) रोहताश सिंह के नेतृत्व में प्रताप नगर पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा।

पुलिसकर्मियों ने पलटे हुए ट्रक से मक्के की बोरियां हटाकर घायल महिला को बाहर निकाला और मृतकों के शव बरामद किए। बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को उठाया गया।

ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दुर्घटना उसकी लापरवाही के कारण हुई या किसी तकनीकी खराबी के कारण।

उषा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा शुभम रंजन

रंजन