आइजोल, 29 मई (भाषा) मिजोरम के दिग्गज पत्रकार और चम्फाई जिला मिजोरम पत्रकार संघ (एमजेए) के अध्यक्ष लालहलुपुइया का शुक्रवार को निधन हो गया। वह कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे।
परिवारिक सूत्रों के अनुसार, लालहलुपुइया ने चम्फाई स्थित अपने घर पर सुबह लगभग साढ़े सात बजे अंतिम सांस ली। वह 65 वर्ष के थे।
मिजोरम के मीडिया जगत में व्यापक रूप से सम्मानित लालहलुपुइया स्थानीय दैनिक समाचार पत्र ‘लेनरुअल’ के संपादक थे और उन्होंने चम्फाई से ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) आइजोल के संवाददाता के रूप में भी कार्य किया था।
पत्रकारिता और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए लोकप्रिय लालहलुपुइया ने चम्फाई जिले में मीडिया की पहुंच और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
पत्रकार संघ ने एक शोक संदेश में लालहलुपुइया के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया।
संघ ने कहा, “हम इतने अनुभवि व्यक्ति के निधन से बहुत दुखी हैं। उनकी कमी बहुत खलेगी।”
चम्फाई वेंगलाई में ग्राम परिषद के पूर्व अध्यक्ष और यंग मिजो एसोसिएशन (वाईएमए) के दीर्घकालिक नेता लालहलुपुइया ने अपने समय में मिजो हमीछे इंसुइखौम पावल (महिला संघ) और मिजो जैमी इंसुइखौम पावल (गायक संघ) सहित कई संगठनों में नेतृत्व व सलाहकार की भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री लालदुहोमा और गृह मंत्री के. सपडांगा ने वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर शोक व्यक्त किया।
लालदुहोमा ने लालहुलुपुइया के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सूचना प्रसार, सरकार व जनता के बीच संबंधों को मजबूत करने और चम्फाई जिले के मुद्दों को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लालदुहोमा ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा, “वह (लालहुलुपुइया) अपने पेशे के प्रति पूरी तरह समर्पित थे और प्रशंसा के पात्र थे। उनका निधन मिजोरम के लिए एक बड़ी क्षति है।”
सपडांगा ने भी शोक व्यक्त करते हुए इसे मिजोरम और पत्रकार संघ दोनों के लिए एक बड़ी क्षति बताया।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन