Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

सूर्यवंशी और फरेरा ने राजस्थान रॉयल्स को 214 रन तक पहुंचाया

मुल्लांपुर, 29 मई (भाषा) आईपीएल के इस सत्र में नित नया इतिहास रच रहे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर 47 गेंद में 96 रन की पारी खेली और आखिरी ओवर में डोनोवन फरेरा ने राशिद खान को चार छक्के जड़कर गुजरात टाइटंस के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट पर 214 रन तक पहुंचाया ।

पिछले क्वालीफायर की तुलना में मैदान में आज ज्यादा भीड़ थी और अधिकांश दर्शक 15 बरस के सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देखने आये थे ।

सूर्यवंशी ने कैगिसो रबाडा और जैसन होल्डर जैसे बेहतरीन गेंदबाजों को दमदार शॉट्स लगाये ।

दूसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल के विकेट गंवाने के बाद सूर्यवंशी ने संभलकर बल्लेबाजी की । मोहम्मद सिराज, रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा उन्हें शरीर पर शॉर्ट लैंग्थ गेंद और बाउंसर डालने के इरादे से ही उतरे थे ।

लगातार दूसरा मैच इसी पिच पर होने से गेंद बल्ले पर उतनी आसानी से नहीं आ रही थी जैसे एलिमिनेटर में देखा था ।

शुरूआत में सूर्यवंशी को गेंदबाजों ने खुलकर खेलने नहीं दिया । इसके बावजूद उन्होंने बेखौफ खेल जारी रखा और रबाडा को 153 किमी की रफ्तार से शानदार छक्का जड़ा ।

मैच के हालात को देखते हुए चौथे नंबर पर भेजे गए रविंद्र जडेजा (35 गेंद में नाबाद 45) ने तेज गेंदबाजों को खासी नसीहत दी । टेनिस एल्बो से जूझ रहे जडेजा आठवें ओवर में ‘रिटायर्ड हर्ट’ हो गए लेकिन डैथ ओवरों में फरेरा की मदद के लिये आये । फरेरा ने 11 गेंद में नाबाद 38 रन बनाये ।

सूर्यवंशी को 46 के स्कोर पर साइ सुदर्शन ने जीवनदान भी दिया । इसके बाद उन्होंने टूर्नामेंट में छठा अर्धशतक पूरा किया और बीच के ओवरों में जमकर रन बनाये ।

रबाडा की गेंद हेलमेट पर लगने के बावजूद सूर्यवंशी ने दक्षिण अफ्रीका के इस तेज गेंदबाज को चारों तरफ शॉट्स लगाये । वह शतक की ओर बढ रहे थे लेकिन लगातार दूसरे मैच में चूक गए । पिछले मैच में 97 रन पर आउट होने के बाद इस मैच में 96 रन पर विकेट गंवा बैठे । रबाडा की गेंद पर उन्होंने थर्डमैन में कैच थमाया ।

गुजरात की टीम रॉयल्स को 200 के भीतर रोक देती लेकिन आखिरी ओवर राशिद को देने का फैसला गलत साबित हुआ । फरेरा ने उन्हें चार छक्के लगाकर इस ओवर में 27 रन निकाले ।

भाषा

मोना

मोना