नयी दिल्ली, 29 मई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को बंगाली मार्केट क्षेत्र के टोडरमल पार्क इलाके में ऑटोरिक्शा चालकों के एक समूह से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि वे संसद में उनकी समस्याओं को उठाएंगे।
बातचीत के बाद राहुल गांधी एक ऑटोरिक्शा चालक की वर्दी पहनकर बच्चों के साथ सेल्फी लेते हुए नजर आए। उन्होंने चालकों के साथ भोजन किया और बढ़ती महंगाई के बीच आजीविका चलाने में आ रही दिक्कतों के बारे में उनकी बातें सुनीं।
इसके बाद वह एक ऑटोरिक्शा में बैठकर वहां से चले गए।
ऑटोरिक्शा चालक रमेश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से बातचीत की और उन्हें अपने कारोबार में आई मंदी के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि गांधी ने उनके बच्चों की शिक्षा और दैनिक आय तथा भोजन के प्रबंध के बारे में भी पूछा।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने राहुल गांधी जी के साथ सादा भोजन किया जिसमें दाल, रोटी और सब्जी शामिल थी।’’
एक अन्य चालक अरिंदर कुमार शाह ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस नेता को महंगाई, विशेषकर पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बोझ के बारे में बताया, जिससे जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी ने चालकों की मदद का वादा किया और कहा कि वे हमारी शिकायतें सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने संसद में उठाएंगे। हम सबने रोटी और बिहार की खास आलू की सब्जी खाई।’’
भाषा संतोष रंजन
रंजन