गांधीनगर, 29 मई (भाषा) गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नरेन्द्र मोदी के बतौर प्रधानमंत्री 12 साल पूरा करने के उपलक्ष्य में अगले महीने राज्य भर में 17 दिवसीय जनसंपर्क अभियान चलाएगी। एक पार्टी पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून को शुरू होगा जो विश्व योग दिवस 21 जून तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि इसमें विकासोन्मुखी और सामाजिक कल्याणकारी पहलों की एक श्रृंखला शामिल होगी।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता डॉ. अनिल पटेल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे किये हैं। इस अवसर गुजरात प्रदेश भाजपा राज्य भर में एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलायेगी।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की गई भाजपा की ‘रिपोर्ट कार्ड’ संस्कृति का अनुसरण करते हुए, पार्टी सेवा-उन्मुख, राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित करेगी।
पटेल ने कहा कि इस अभियान में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण पहल, ‘विकसित भारत’ सम्मेलन और प्रख्यात नागरिकों के साथ परिचर्चा सत्र शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देगी और गुजरात के 50,000 बूथों पर एक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाएगी।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव