रायपुर, 29 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में ‘मैंगो टूरिज्म’ की अपार संभावनाएं हैं।
राज्यपाल ने रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव का उद्घाटन किया और कहा कि भारत आम उत्पादन में विश्व में अग्रणी है तथा देश में आम की एक हजार से अधिक किस्में पाई जाती हैं।
डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ के स्थानीय आमों की विशेष पहचान है और किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली किस्मों के उत्पादन पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव आम उत्पादकों को नई खेती पद्धतियों, किस्मों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि बस्तर, कोंडागांव, कांकेर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में आम उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों के लिए भी इस क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता के अवसर मौजूद हैं।
राज्यपाल ने आम उत्पादन के साथ-साथ मूल्य संवर्धन पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आम फलों का राजा है और इसका धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व भी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से महोत्सव का लाभ उठाने की अपील की।
महोत्सव में आम की 250 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया गया है, जिनमें बीजापुर की ‘हाथीझुल’ किस्म भी शामिल है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
भाषा संजीव जितेंद्र
जितेंद्र