जम्मू, 29 मई (भाषा) जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जोगिंदर सिंह ने वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले शुक्रवार को भगवती नगर आधार शिविर में सुरक्षा और रसद व्यवस्था की समीक्षा की। यह यात्रा तीन जुलाई से शुरू होने वाली है।
यह 57 दिवसीय तीर्थयात्रा तीन जुलाई को दो मार्गों से शुरू होगी, अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग से और गांदरबल में खड़ी चढ़ाई वाले 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से। यह यात्रा रक्षा बंधन के दिन 28 अगस्त को समाप्त होगी।
बेस-कैंप के अपने दौरे के दौरान, एसएसपी ने सुरक्षा तैनाती का व्यापक निरीक्षण किया और अधिकारियों और कर्मियों को तीर्थयात्रा के सुचारू संचालन के निर्देश दिए।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और प्रशासन के अधिकारियों ने भी समीक्षा बैठक में भाग लिया, जहां समग्र सुरक्षा रणनीति, भीड़ प्रबंधन, यातायात विनियमन, निगरानी उपायों, आपातकालीन प्रतिक्रिया तैयारियों और अंतर-एजेंसी समन्वय पर विस्तृत चर्चा हुई।
एसएसपी ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया और यात्रा की पूरी अवधि के दौरान कड़ी निगरानी और समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने बेस-कैंप पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों के लिए उचित सुविधाओं, सुगम आवागमन और परेशानी मुक्त सहायता की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया था कि वे वार्षिक तीर्थयात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, संरक्षित और आरामदायक वातावरण प्रदान करने के लिए सभी हितधारक एजेंसियों के साथ घनिष्ठ समन्वय में काम करें।
भाषा तान्या वैभव
वैभव