Breaking News

ब्रह्मोस एयरोस्पेस का रिवेन्यू FY2025-26 के लिए ₹5200 करोड़ के पार पहुंचा: DRDO     |   '226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे', ममता ने बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा किया     |   उत्तर प्रदेश: कानपुर जोन के एडीजी आलोक सिंह का प्रमोशन हुआ, अब डीजी पद पर तैनात     |   कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच होर्मुज खोलने को अमेरिका ने मांगी वैश्विक मदद     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में बारिश-ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया     |  

संपत्ति के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या

शाहजहांपुर (उप्र), 15 अप्रैल (भाषा) शाहजहांपुर जिले में संपत्ति के विवाद में हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बुधवार को बताया कि मदनापुर थाना क्षेत्र के बरी खास गांव में मंगलवार देर रात हमलावरों ने श्याम सुंदर (25) नामक युवक की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी जबकि उसके भाई बृजमोहन के सिर पर किसी वजनदार वस्तु से प्रहार करके घायल कर दिया।

दीक्षित ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि श्याम सुंदर तथा उसका भाई अपने नाना के घर पर रहते थे। उन्होंने बताया कि नाना के कोई बेटा नहीं था, ऐसे में उन्होंने अपने नाती श्याम सुंदर के नाम पर अपनी संपत्ति की वसीयत कर दी थी और इसी को लेकर नाना के भतीजे की श्याम सुदंर से रंजिश थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंगलवार को श्याम सुंदर अपने खेत पर जानवरों का चारा काटने गया था तभी वहां उसके नाना के भतीजे धनवीर सिंह से उसकी कहासुनी हो गई।

उन्होंने बताया कि उस वक्त तो श्याम सुंदर अपने घर चला आया लेकिन देर रात आरोपी धनवीर सिंह अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाकर गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।

दीक्षित ने बताया कि हमलावरों ने श्याम सुंदर के भाई बृजमोहन के सिर पर किसी भारी चीज से वार करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और भाग गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी धनवीर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गंभीर रूप से घायल बृजमोहन को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

भाषा सं सलीम गोला

गोला