Breaking News

पश्चिम बंगाल चुनाव: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल्याणी सिटी में रोड शो किया     |   मुझे झूठे केस में फंसाया गया- शराब घोटाला मामले में बोले केजरीवाल     |   पंजाब: मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर के 11 ठिकानों पर ईडी का छापा     |   रूसी राष्ट्रपति पुतिन से होगी अराघची की मीटिंग, जंग की स्थिति पर हो सकती है चर्चा     |   ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पहुंचे रूस, राष्ट्रपति पुतिन से करेंगे मुलाकात     |  

टीसीएस नासिक में लगे आरोप बेहद पीड़ादायक, जांच के आदेश जारीः चंद्रशेखरन

मुंबई, 13 अप्रैल (भाषा) टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सोमवार को समूह की आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के नासिक कार्यालय से जुड़े आरोपों को ‘बेहद गंभीर एवं पीड़ादायक’ बताते हुए कहा कि एक वरिष्ठ अधिकारी की अगुवाई में मामले की जांच की जा रही है।

चंद्रशेखरन ने एक बयान में कहा कि टीसीएस की नासिक शाखा से सामने आए आरोप बेहद चिंताजनक हैं और तथ्यों का पता लगाने एवं घटना के जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए कंपनी की मुख्य परिचालन अधिकारी आरती सुब्रमण्यन के नेतृत्व में विस्तृत जांच कराई जा रही है।

मामला टीसीएस नासिक की आठ महिला कर्मचारियों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों से जुड़ा हुआ है।

चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘घटना को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कंपनी जांच में संबंधित एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।’’

उन्होंने कहा कि समूह किसी भी तरह के उत्पीड़न या दबाव को कतई बर्दाश्त नहीं करता है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रक्रियागत सुधार और अन्य सुधारात्मक कदम भी तुरंत उठाए जाएंगे।

पिछले सप्ताह पुलिस ने महिला कर्मचारियों की शिकायतों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें कंपनी की एक महिला मानव संसाधन (एचआर) प्रबंधक भी शामिल है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय