Breaking News

कर्नाटक: मंत्रिमंडल विस्तार की अनुमति के लिए 6 मई के आसपास दिल्ली आ सकते हैं CM सिद्धारमैया     |   कर्नाटक: मंत्री सतीश और मंत्री महादेवप्पा ने खड़गे से की मुलाकात, राज्य के राजनीतिक घटनाक्रमों पर की चर्चा     |   इंडोनेशिया के जकार्ता में भीषण ट्रेन हादसा, 4 की मौत, कई घायल     |   फिर पाकिस्तान पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री अराघची, 48 घंटे में तीसरा दौरा     |   अमेरिकी अधिकारी ने बताया ट्रंप ईरान के प्रस्ताव से नाखुश हैं     |  

तमिलनाडु को 'पीछे की ओर ले जाएंगी’ अन्नाद्रमुक और भाजपा: उदयनिधि

( तस्वीर सहित )

विल्लुपुरम (तमिलनाडु), 13 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सोमवार को कहा कि यदि ऑल इंडिया अन्‍ना द्रविड़ मुन्‍नेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य की सत्ता में आता है तो वह राज्य को 'पीछे की ओर ले जाएगा।’’

उदयनिधि स्टालिन ने लोगों से अपील की कि वे विकास की गति को बनाए रखने के लिए द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) गठबंधन का चयन करते समय समझदारी बरतें।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता को अन्नाद्रमुक को नकार देना चाहिए क्योंकि उसने परिवारों की महिला मुखियाओं के लिए मासिक भत्ता योजना को रोकने की 'साजिश' रची थी।

द्रमुक युवा इकाई के सचिव ने पार्टी उम्मीदवारों - विल्लुपुरम से लक्ष्मणन और वनूर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे गौतम द्रविड़मणि - के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘इस चुनाव में साबित करें कि अन्नाद्रमुक और उसकी सहयोगी भाजपा के लिए तमिलनाडु में कोई जगह नहीं है। उन्हें चुनाव में पूरी तरह हरायें और राज्य में विकास की गति को बनाए रखने के लिए समझदारी से द्रमुक को चुनें।’’

उन्होंने कहा कि सरकार बनने के तुरंत बाद द्रमुक गृहिणियों के लिए 8,000 रुपये की कूपन योजना शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि उस पैसे का इस्तेमाल वे अपनी पसंद का घरेलू उपकरण खरीदने के लिए कर सकती हैं।

उदयनिधि ने आग्रह किया, 'पिछले चुनाव में हमने इस जिले की सात में से चार सीट जीती थीं। इस बार हमें सभी सात विधानसभा सीट पर जीत दिलाएं।’’

तिरुक्कोइलुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे पार्टी उम्मीदवार गौतम सिगमणि के लिए प्रचार करते हुए उदयनिधि ने कहा कि मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने तमिलनाडु को देश का नंबर एक राज्य बनाया है और कई जनहितकारी पहल भी शुरू की हैं।

उन्होंने बताया कि स्टालिन ने महिला मुखियाओं को वर्तमान में दी जा रही 1,000 रुपये की मासिक सहायता राशि को दोगुना करने की घोषणा की है।

द्रमुक नेता ने आग्रह किया, “आइए तमिलनाडु में फासीवादी भाजपा और उनके मुखौटे (अन्नाद्रमुक) को हराएं। सुनिश्चित करें कि द्रमुक गठबंधन के उम्मीदवार इस चुनाव में भारी बहुमत से जीतें।”

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 23 अप्रैल को होंगे।

भाषा अमित मनीषा

मनीषा