Breaking News

कर्नाटक: मंत्रिमंडल विस्तार की अनुमति के लिए 6 मई के आसपास दिल्ली आ सकते हैं CM सिद्धारमैया     |   कर्नाटक: मंत्री सतीश और मंत्री महादेवप्पा ने खड़गे से की मुलाकात, राज्य के राजनीतिक घटनाक्रमों पर की चर्चा     |   इंडोनेशिया के जकार्ता में भीषण ट्रेन हादसा, 4 की मौत, कई घायल     |   फिर पाकिस्तान पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री अराघची, 48 घंटे में तीसरा दौरा     |   अमेरिकी अधिकारी ने बताया ट्रंप ईरान के प्रस्ताव से नाखुश हैं     |  

पश्चिम बंगाल बमों का जवाब वोटों से देगा, बनेगी डबल इंजन वाली सरकार: शाह

मयूरेश्वर (पश्चिम बंगाल), 13 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी और विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ वाली सरकार बनेगी।

अमित शाह ने बीरभूम जिले के मयूरेश्वर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राज्य में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद ‘माफिया राज’ समाप्त करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी सरकार को विदा करने का मन बना लिया है और वह बम और गोलियों का जवाब वोटों से देगी।’’

शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य के बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही हैं और कहा कि यह चुनाव राज्य और देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है।

शाह ने प्रश्नात्मक लहजे में कहा, ‘‘दीदी, हम यहां सदियों से रह रहे हैं। हमें धमकाने वाली आप कौन हैं’’

अमित शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, राम नवमी शोभायात्रा पर हमले किए गए और कुछ स्थानों पर सरस्वती पूजा की अनुमति नहीं दी गई।

गृह मंत्री शाह ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से राज्य में शासन कर रही तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को बम और गोलियों का गोदाम बना दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं तृणमूल के गुंडों से कहना चाहता हूं कि वे मतदान के दिन घर में रहें वरना चार मई के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में पर्याप्त केंद्रीय बल भेजे हैं।

अमित शाह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने कई स्थानों पर बीएसएफ को भारत-बांग्लादेश सीमा पर तारबंदी के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराई है और यदि यहां भाजपा की सरकार बनती है तो इस उद्देश्य के लिए 45 दिनों के भीतर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।

शाह ने राज्य की महिलाओं को यह भरोसा दिलाया कि अगर यहां भाजपा सत्ता में आती है तो वे दिन-रात अपने काम स्वतंत्र रूप से कर सकेंगी।

अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी, जिससे सभी लोग एक ही कानून और नियमों के दायरे में आएंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हर क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण राज्य की जनता को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा