सुरेंद्रनगर (गुजरात), 13 अप्रैल (भाषा) गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
लखतर के पुलिस निरीक्षक योगेश पटेल ने बताया कि यह घटना लखतर-विरमगाम राजमार्ग पर देर रात करीब 1.30 बजे उस समय घटी, जब तीर्थयात्रियों का एक समूह राजकोट से बहुचराजी मंदिर में दर्शन करने के लिए पैदल जा रहा था।
उन्होंने बताया कि जिले के लखतर तालुका के भास्करपारा गांव के बाहरी इलाके में एक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए श्रद्धालुओं को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि छह तीर्थयात्री और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों में चार महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “यह हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्री पैदल जा रहे थे। वे बहुचराजी के एक मंदिर में पूजा करने के लिए निकले थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।”
प्रभारी पुलिस अधीक्षक वेदिका बिहानी ने बताया कि छह व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई और एक ने विरमगाम के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चार अन्य लोग घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि कपास से लदा ट्रक राजकोट से आ रहा था।
उन्होंने कहा, ‘‘500 तीर्थयात्रियों का एक समूह छराड गांव की ओर पैदल जा रहा था, जहां उनकी रात में रुकने की योजना थी। तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। वे सड़क किनारे खड़े ट्रक को पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।'
पुलिस अधिकारी ने बताया, 'एक अन्य व्यक्ति की विरमगाम के गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। तीन लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति को राजकोट के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक की पहचान आदित्य उगानिया के रूप में हुई है और वह दुर्घटना के बाद फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
भाषा अमित वैभव
वैभव