(पांचवे पैरा में सुधार के साथ)
देहरादून, 13 अप्रैल (भाषा) देहरादून के डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित रूप से अभद्र, अश्लील एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने वाले हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को हुई इस घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर सामने आये वीडियो तथा डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सत्यम शिवम छात्र संगठन के छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर के आधार पर लोक गायक के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में रविवार देर रात मामला दर्ज किया गया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान शर्मा द्वारा मंच से अभद्र, अश्लील एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया जिससे वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं आम जनता की भावनाएं आहत हुईं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं-- 296, 352, 79, 351(3) के तहत मामला दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।
गौरतलब है कि छात्र संघ के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे लेकिन शर्मा के इस कथित आचरण से पहले ही वह वहां से जा चुके थे। हालांकि, हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार वहां मौजूद थे।
लोक गायक के आचरण से असहज कार्यक्रम के आयोजकों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
भाषा दीप्ति मनीषा अमित
अमित राजकुमार
राजकुमार