Breaking News

सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई ने पश्चिम बंगाल में हुई रिकॉर्डतोड़ वोटिंग पर खुशी जताई     |   1984 सिख दंगे: SC का सज्जन कुमार को बीमार पत्नी से मिलने के लिए जमानत से इनकार     |   पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत आ रहा है, बीजेपी की सरकार बनने के करीब: अमित शाह     |   पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘सरकार बनी तो भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र लगाएंगे’, बोले अमित शाह     |   पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘दूसरे चरण में और उत्साह से वोटिंग होगी’, अमित शाह ने कहा     |  

सीमा पर लगी बाड़ को अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब स्थानांतरित किया जाएगा: पंजाब मुख्यमंत्री

तलवंडी साबो, 12 अप्रैल (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को कहा कि केंद्र ने सीमा पर लगी बाड़ को अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के करीब स्थानांतरित करने का फैसला किया है, और इस बात पर जोर दिया कि इस कदम से उन किसानों को बड़ी राहत मिलेगी, जो लंबे समय से बीएसएफ के कड़े प्रतिबंधों के तहत खेती करने के लिए मजबूर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती जिलों में सर्वेक्षण के आदेश दिए जाने के बाद, इस कदम से लाखों एकड़ भूमि बाड़ वाले क्षेत्र के भीतर वापस आ जाएगी, जिससे किसानों को अधिक पहुंच, फसलों का बेहतर चयन और सीमित खेती के घंटों और बार-बार सुरक्षा जांच से मुक्ति मिलेगी।

मान ने एक बयान में कहा, 'हमने सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले अपने किसानों के हित में इस मुद्दे को कई बार केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष उठाया था। पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बनी बाड़ 3-4 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में है। नतीजतन, उनके खेत बाड़ के बाहर रह जाते हैं।'

सीमावर्ती किसानों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, 'किसानों को खेती के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा निर्धारित निश्चित समय पर ही बाड़ के पार जाने की अनुमति है। वे सुबह नौ बजे से पहले नहीं जा सकते, उनकी तलाशी ली जाती है और सुरक्षा बल उनके साथ होते हैं।'

मान ने कहा, इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी तस्करी का सामान या हथियार वापस न लाया जाए। शाम चार बजे के बाद उन्हें खेतों में नहीं रुकने दिया जाता और लौटते समय उनकी दोबारा तलाशी ली जाती है। सुरक्षा बलों का काफी समय अपने ही नागरिकों की जांच में खर्च होता है।

मान ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने आश्वासन दिया है कि इस मुद्दे का जल्द ही समाधान हो जाएगा।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश