Breaking News

भारतीय वायुसेना मई में HAL के साथ फाइटर जेट तेजस Mk1A को लेकर समीक्षा वार्ता करेगी     |   सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई ने पश्चिम बंगाल में हुई रिकॉर्डतोड़ वोटिंग पर खुशी जताई     |   1984 सिख दंगे: SC का सज्जन कुमार को बीमार पत्नी से मिलने के लिए जमानत से इनकार     |   पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत आ रहा है, बीजेपी की सरकार बनने के करीब: अमित शाह     |   पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘सरकार बनी तो भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र लगाएंगे’, बोले अमित शाह     |  

झारखंड: आबकारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोप में 164 लोगों को गिरफ्तार किया गया

रांची, 12 अप्रैल (भाषा) झारखंड आबकारी कांस्टेबल प्रतियोगी परीक्षा (जेईसीसीई) 2023 में शामिल होने वाले कुल 159 उम्मीदवारों और पांच अन्य लोगों को रविवार को पेपर लीक के आरोपों में गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि पांचों मुख्य आरोपी प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं में शामिल एक गिरोह के सदस्य हैं।

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि रांची के एसएसपी को सूचना मिली थी कि तमाड़ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रड़गांव में एक इमारत में बड़ी संख्या में छात्र इकट्ठा हुए हैं, जिसके बाद 159 से अधिक छात्रों को गिरफ्तार किया गया।

कुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘छात्रों को प्रश्न पत्रों के चार सेट दिए गए थे, जिनके बारे में दावा किया गया था कि ये जेईसीसी परीक्षा के प्रश्न हैं। मुद्रित और डिजिटल प्रारूपों में उपलब्ध कराए गए प्रश्न पत्रों को जब्त कर लिया गया। हालांकि, वे आज की परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से हू-ब-हू मेल नहीं खाते थे।’’

जेएसएससी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी अभ्यर्थियों को गिरोह के एजेंट द्वारा 10-15 लाख रुपये प्रति अभ्यर्थी की दर से परीक्षा के प्रश्न और उत्तर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उस स्थान पर लाया गया था।

इसमें कहा गया है, ‘‘इन अभ्यर्थियों ने पुलिस से बचने के लिए अपने मोबाइल फोन और प्रवेश कार्ड गिरोह के सदस्यों को सौंप दिए थे। कुछ अभ्यर्थियों ने गिरोह के सदस्यों के नाम पर बैंक चेक भी जारी किए थे।’’

इसमें कहा गया है कि मुख्य आरोपी ‘सॉल्वर पेपर लीक’ गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि बिहार के जहानाबाद निवासी व्यक्ति को राजस्थान क्लर्क भर्ती परीक्षा, नीट परीक्षा, बिहार सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भर्ती परीक्षा और उत्तर प्रदेश समीक्षा एवं सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा सहित कई पेपर लीक मामलों में कथित तौर पर शामिल बताया जाता है।

जेएसएससी के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘जांच जारी है, जबकि पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।’’

इस बीच, इस घटनाक्रम के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कुछ जगहों पर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

भाजपा की रांची महानगर इकाई तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों की इकाइयों ने विरोध में मुख्यमंत्री के पुतले फूंके।

उन्होंने यह भी मांग की कि परीक्षा फिर से कराई जाए।

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश