Breaking News

भारतीय वायुसेना मई में HAL के साथ फाइटर जेट तेजस Mk1A को लेकर समीक्षा वार्ता करेगी     |   सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई ने पश्चिम बंगाल में हुई रिकॉर्डतोड़ वोटिंग पर खुशी जताई     |   1984 सिख दंगे: SC का सज्जन कुमार को बीमार पत्नी से मिलने के लिए जमानत से इनकार     |   पश्चिम बंगाल में प्रचंड बहुमत आ रहा है, बीजेपी की सरकार बनने के करीब: अमित शाह     |   पश्चिम बंगाल चुनाव: ‘सरकार बनी तो भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र लगाएंगे’, बोले अमित शाह     |  

लालजी टंडन ने जीवन में कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया: राजनाथ सिंह

लखनऊ, 12 अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिवंगत नेता, पूर्व मंत्री और मध्यप्रदेश व बिहार के राज्यपाल रहे लालजी टंडन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने जीवन में कभी भी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

रक्षा मंत्री रविवार को इस मौके पर यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।

सिंह ने 2009 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि टंडन जी लखनऊ से चुनाव लड़ रहे थे, कुछ समाचार पत्रों ने उनके लिए सकारात्मक और विरोधियों के लिए नकारात्मक खबरें लिखने के लिए धन की मांग की, लेकिन उन्होंने इससे सीधे इनकार कर दिया।

सिंह ने कहा, “टंडन जी ने साफ कहा कि मैंने जीवन में कभी ऐसे कार्यों के लिए पैसे खर्च नहीं किए। टंडन जी ने जीवन में सिद्धांतों को चुना और कभी सुविधा को नहीं चुना।”

सिंह ने उन्हें जननायक करार देते हुए कहा कि कोविड महामारी के दौरान मध्य प्रदेश के राज्यपाल के रूप में टंडन ने सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश किया।

उन्होंने कहा कि उन्होंने बिहार के राज्यपाल के रूप में शिक्षा, सामाजिक सेवा और सद्भाव के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

भाषा आनन्द जोहेब

जोहेब