नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके से संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए दो कथित सरगनाओं समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि ‘हर्बिटेक्चर हेल्थकेयर’ नाम से संचालित इस गिरोह ने कथित तौर पर सोशल मीडिया मंचों पर वजन घटाने वाले उत्पादों का विज्ञापन करके और ग्राहकों को बार-बार भुगतान करने के लिए लुभाकर देश भर के लोगों को ठगा।
इसमें कहा गया है कि गुरुग्राम निवासी द्वारा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग (एनआरसी) पोर्टल पर दर्ज की गई 13,200 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की शिकायत की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। इस जांच के दौरान पुलिस एक ‘म्यूल’ (कमीशन पर मिलने वाले) बैंक खाते तक पहुंची जिसका इस्तेमाल कई पीड़ितों से पैसा लेने के लिए किया गया था।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को छापेमारी के दौरान पुलिस को कॉल सेंटर के संचालन में लगे 30 से अधिक कर्मचारी मिले, जिनमें टेली-कॉलर भी शामिल थे। कुल मिलाकर 35 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक डेस्कटॉप, 15 सिम कार्ड, लौटाए गए पार्सल और बैंक से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए।
गिरफ्तार किए गए सरगनाओं की पहचान संदीप चौधरी और अश्विनी कुमार उर्फ तुषार के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश